एटीएम कार्ड बदल उड़ाया ~80 हजार
थाना क्षेत्र के मंजौरा बाजार स्थित एसबीआई एटीएम के निकट से कार्डधारक से निकासी पर्ची निकाल देने के नाम पर पहले तो कार्ड बदला फिर अलग-अलग जगहों से 40-40 हजार रुपए की निकासी कर ली। पीड़ित द्वारा उक्त घटना के संदर्भ में थाने में आवेदन दिया गया है। पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना अंतर्गत कदवा बासा निवासी विकास कुमार ने बताया कि उनका खाता एसबीआई की अकबरपुर शाखा में है। मंजौरा बाजार स्थित एटीएम से उन्होंने 2000 रुपए की निकासी की।
इसी क्रम में पर्ची निकाल देने के नाम पर पहले से मौजूद एक व्यक्ति ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। जब पीड़ित पांच दिन बाद पुनः रुपए निकालने आया तो वह एटीएम कार्ड काम नहीं किया। तब उन्हें ठगी होने का पता चला। बाद में खाता अपडेट कराने पर पाया कि पूर्णिया जिले के धमदाहा बाजार स्थित भारत पेट्रोल पंप से चालीस हजार रुपए एवं दूसरी निकासी मधेपुरा एटीएम से चालीस हजार रुपए की हुई है। पीड़ित द्वारा थाने में आवेदन देकर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। थानाध्यक्ष अखिलेश ने बताया आवेदन प्राप्त हुआ है व छानबीन जारी है।