- Hindi News
- National
- Saharsa News Motihari Defeated Madhubani39s Team By Three Wickets In The Final Of Champions Trophy
चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में मोतिहारी ने मधुबनी की टीम को तीन विकेट से हराया
प्रखंड परिसर स्थित यंग क्रिकेट क्लब किसनपुर द्वारा आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में मोतिहारी ने मधुबनी टीम को 3 विकेट से पराजित कर कप पर कब्जा जमाया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मधुबनी की टीम ने कुल 25 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 163 रनों का स्कोर खड़ा किया।
जिसमें बल्लेबाज सैफ ने 44 गेंदों में 8 चौके एवं दो छक्के की मदद से 56 रन, नंदन ने 24 गेंदों में 2 चौके एवं एक छक्के की मदद से 21 रन, अभिषेक ने 27 गेंदों में 01 चौके एवं एक छक्के की मदद से 17 रन बनाया। मोतिहारी टीम की ओर से गेंदबाज आशीष ने 5 ओवर में 01 मेडन रखते हुए 18 रन देकर 4 विकेट, फैजल गनी ने 4 ओवर में 40 रन देकर 01 विकेट, सकिबउल गणी ने 5 ओवर में 30 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मोतिहारी की टीम ने 23.4 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को हासिल कर लिया। जिसमें बल्लेबाज अशफाक खान ने 19 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौके एवं 4 छक्के की मदद से सर्वाधिक 37 रन, हृदयानंद ने 29 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके एवं एक छक्के की मदद से 35 रन, फैजल गनी ने 19 गेंदों में चार चौके की मदद से 19 रनों का योगदान दिया।
मधुबनी टीम की ओर से गेंदबाज हिमांशु राज ने 5 ओवर में 01 मेडन रखते हुए 13 रन देकर दो विकेट, जयंत ने 5 ओवर में 35 रन देकर दो विकेट, रूपेश ने 5 ओवर में 22 रन देकर एक विकेट झटके। मैच में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मोतिहारी टीम के खिलाड़ी अशफाक खान को दिया गया। जबकि मैन आफ द सीरिज सिकिबउल गणी को दिया गया। टूर्नामेंट के समापन के दौरान पिपरा विधायक सह राजद के राष्ट्रीय सचिव यदुवंश कुमार यादव ने कहा कि खेल का मानव जीवन में विशेष महत्व है। खेल से जुड़े रहने से दिल व दिमाग तरोताजा रहता है।
छात्रों के लिए पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी है। आज के दौर में खेल के माध्यम से भी कैरियर बनाया जा सकता है। विधायक ने विजेता टीम के कप्तान फैजल गणी को ट्रॉफी व 35 हजार रुपए प्रदान किया। उपविजेता मधुबनी टीम के कप्तान को ट्राॅफी एवं 21 हजार रुपए प्रमुख विजय कुमार यादव एवं आरडीओ अजीत कुमार ने प्रदान किया।
मैन आफ द सीरिज का पुरस्कार मोतिहारी के सकिबउल गणी को भूपेंद्र कुमार यादव, बेस्ट बल्लेबाज़ का बनारस के अभिषेक को नागेंदु किंकर, बेस्ट गेंदबाज का पुरस्कार सुपौल टीम के मयंक को जयप्रकाश कुमार उर्फ मंगल यादव ने प्रदान किया। इस अवसर पर दिनेश यादव, नेहरू यादव, विजली सिंह, राजेश सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
सुपौल को 108 रन से हरा सहरसा का कप पर कब्जा
कुमारखंड | प्रखंड के भैरोपुर गांव में चल रहे भैरोपुर डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में सुपौल को 108 रन से हराकर सहरसा ने कप पर कब्जा जमाया। इससे पहले टॉस जीतकर सहरसा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर खेलकर 7 विकेट पर 205 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए सुपौल की टीम 16 ओवर में मात्र 97 रन ही बना सकी।
किसनपुर- विजेता टीम को ट्रॉफी देते विधायक व अन्य।