पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Saharsa News Scheduled Events Of Kosi Festival And Bihar Festival Postponed Due To Corona Virus

कोरोना वायरस को लेकर कोसी महोत्सव व बिहार उत्सव के निर्धारित आयोजन स्थगित

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

करोना वायरस को लेकर जिला प्रशासन ने बिहार सरकार द्वारा जारी एडवाईजरी को सख्ती से लागू करते हुए कोसी महोत्सव, बिहार उत्सव जैसे प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को बंद करने का निर्देश दिया है।

जनसंपर्क निदेशक दिलीप कुमार देव के हवाले से जारी बयान में कहा गया है कि कोरोना वायरस के कारण बिहार सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी के आलोक में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आगामी 31 मार्च तक के लिए जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों, कोचिंग
संस्थानों, सिनेमाघरों, पार्क, आंगनबाड़ी केन्द्रों, खेल आयोजनों को स्थगित रखने का निर्देश दिया है। 21 और 22 मार्च को होने वाले कोसी महोत्सव और बिहार स्थापना दिवस को भी स्थगित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे अधिक संख्या वाले जनसमूह में जाने से बचें। इस बीच सलखुआ के अलानी में शनिवार को होने वाले जिलाधिकारी के जनता से मिलिए कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया है।

मुख्य सचिव ने की समीक्षा

शुक्रवार को राज्य के मुख्य सचिव ने सभी विभागों के प्रधान सचिवों के साथ जिलों के आलाधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोरोना वायरस की ताजा स्थिति पर बिहार सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों को सख्ती से पालन का निर्देश दिया। वीडियो काफ्रेंस में कोसी रेंज के डीआईजी सुरेश प्रसाद चौधरी, जिलाधिकारी कौशल कुमार , एसपी राकेश कुमार, सिविल सर्जन डा. ललन कुमार सिंह मौजूद थे।

निजी क्लीनिक में कोरोना का मिला एक संदिग्ध मरीज


शुक्रवार को सहरसा में एक निजी क्लिनिक में ईलाज के लिए पहुंचे युवक में कोरोना वायरस के लक्षण पाए जाने के बाद उसे जांच के लिए भागलपुर भेज दिया गया। हलांकि सिविल सर्जन डा. ललन कुमार सिंह ने सहरसा में कोरोना के किसी संदिग्ध मरीज होने की पुष्टि नहीं की है। शहर के पंचवटी चौक स्थित डा. अखिलेश प्रसाद के क्लिनिक में आनंद मिश्रा नाम का एक मरीज दिखाने आया। मरीज होली से पहले अहमदाबाद से सहरसा अपने ससुराल आया था। शुक्रवार को अहमदाबाद लौटने के क्रम में पहले से खराब चल रही तवियत खगड़िया में बिगड़ गयी। इसके बाद वह वापस जांच के लिए सहरसा आ गया। डा. अखिलेश प्रसाद ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मरीज में कोरोनो वायरस से उत्पन्न होने वाले लक्षण पाए जाने के बाद उसे जांच के लिए रिजिनल सेंटर भागलपुर भेज दिया गया है। चिकित्सक डा. प्रसाद ने कहा कि चूंकि वह मरीज अहमदाबाद से आया था इसीलिए इसकी जांच जरूरी हो गयी। मैंने संक्रमण फैलने से रोकने के लिए मरीज को तुरंत मास्क उपलब्ध कराया।

खबरें और भी हैं...