कोरोना वायरस से बचाव के लिए टास्क फोर्स का गठन
डीएम की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में गुरुवार को हुई बैठक में नोवेल कोरोना वायरस से बचाव के लिए जिलास्तरीय टास्क फोर्स गठित की गई। भारत में भी इसके कई संदिग्ध मरीज मिले हैं। भारत सरकार के साथ बिहार सरकार भी रोकथाम पर कई एडवाइजरी जारी किये हैं। मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति के माध्यम से माॅनिटरींग की जा रही है।
सभी संबंधित विभागों को इसमें सम्मिलित किया गया है। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि कोरोना वायरस के प्रति काफी भ्रांतियां भी हैं। स्थिति पैनिक ना हो लोगों को इसके प्रति जागरूक करना आवश्यक है। पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालक आशा, ए.एन.एम. एवं अन्य स्थानीय कार्यक्रर्ताओं द्वारा लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया जाय। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी होटलों, मुख्य ठहराव स्थलों एवं प्रभावित देशों से आने वाले व्यक्तियों के प्रति सतर्कता एवं जांच की सुविधा उपलब्ध आवश्यक है।
संक्रमण से बचना सर्वोत्तम बचाव : सिविल सर्जन ने बताया कि अभी तक नोवेल कोरोना वायरस के जो लक्षण मिलेे हैं उसमें तीव्र बुखार, खांसी और सांस लेने में दिक्कत प्रमुख है। राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार के अंतर्गत हेल्प लाईन नम्बर-91-11-23978046 है। बचाव का अच्छा तरीका संक्रमण से बचना है।