- Hindi News
- National
- Hasanpur News 29 Tubewells Out Of 38 In Hasanpur Have Been Closed For 5 Years Crisis On Irrigation
हसनपुर की 38 में 29 नलकूप 5 साल से है बंद, सिंचाई पर संकट
प्रखंड क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में लघु सिंचाई विभाग के तहत सिंचाई सुविधा के लिए लगाए गए 38 नलकूपों में 29 नलकूप 5 वर्षों से बंद है। अधिकतर नलकूपों के बंद रहने से क्षेत्र में सिंचाई पर संकट छाने लगा है। ये 29 नलकूप यांत्रिक खराबी के कारण बंद हैं, या तो फिर कर्मचारियों के अभाव में इसका संचालन नहीं हो पा रहा है। कागजी तौर पर ही इन नलकूपों का संचालन कर विभागीय कर्मचारी अपना काॅरम पूरा करने में लगे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रखंड के रामपुर गांव में लघु सिंचाई विभाग का अनुमंडलिय नोडल कार्यालय संचालित है। इस कार्यालय में हसनपुर, बिथान व पूसा प्रखंड के लघु सिंचाई विभाग के कार्य संपादित किए जाते हैं। जिनमें हसनपुर के 38, बिथान के 9 व पूसा 13 नलकूपों की माॅनिटरिंग इसी कार्यालय से की जाती है। हालांकि कार्यालय के भवन के जर्जर होने के कारण कर्मचारियों का यहां आना जाना कम ही होता है।
अर्थात तीनो प्रखंड के कुल 60 नलकूपों के संचालन के लिए कुल पांच कर्मचारी नियुक्त हैं। जिनमें एक कलर्क, एक चपरासी तथा तीन ऑपरेटर नियुक्त हैं। तीनो ऑपरेटरों की नियुक्ति अलग-अलग तीनों प्रखंड में की गई है। अर्थात हसनपुर के लिए नियुक्त ऑपरेटर रामाकांत मिश्र के जिम्मे हसनपुर के 25 नलकूपों का संचालन किया जाना है। वे जर्जभर कार्यालय के निकट एक भवन में रहकर नलकूपों की देखभाल करने में लगे रहते हैं। करीब 41 साल पहले प्रखंड के रामपुर गांव में लघु सिंचाई विभाग के अनुमंडलिय कार्यालय की स्थापना की गई थी। इस कार्यालय से हसनपुर, बिथान, सिंघिया व पूसा प्रखंड के गांवों में नलकूपों के संचालन की माॅनिटरिंग की जाती थी।
कई नलकूपों में खराबी आ गई है। जिसके कारण इससे पटवन हो पाना संभव नहीं है। कई कर्मचारी अवकाश प्राप्त कर चुके हैं। कर्मचारियों के अभाव में विभागीय कार्य लचर है। विभाग के उच्च स्तरीय पदाधिकारी को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है। परंतु कोई पहल नहीं की गई है। विभागीय आदेश के बाद ही कुछ संभव हो पाएगा।
युक्तिनाथ मिश्र, अवर प्रमंडल पदाधिकारी, लघु सिंचाई विभाग