ताजपुर में एएनएम ने कार्य का बहिष्कार कर किया प्रदर्शन
प्रखंड क्षेत्र के कोठिया पीएचसी में गुरुवार को एएनएम मणि कुमारी एवं उषा कुमारी के संयुक्त नेतृत्व में मिशन इंद्रधनुष 2.0 को बाधित कर कार्य का बहिष्कार किया। साथ ही पीएचसी परिसर में धरना-प्रदर्शन कर कार्यालय व ओपीडी कार्य को भी बाधित किया। एएनएम ने बताया कि पिछले आठ महीने से वेतन नहीं मिला है। इसके कारण एएनएम के बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, बीमारी की इलाज, काम पर जाने के लिए भाड़े का पैसा समेत कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जबतक सरकार वेतन का भुगतान नहीं करती है हम लोगों का ये अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। अनिश्चितकालीन हड़ताल के चौथे दिन गुरुवार को मिशन इंद्रधनुष 2.0 के कार्य को बहिष्कार किया गया है। जब तक वेतन नहीं मिलता है आगे भी पीएचसी के कार्य को बाधित किया जाएगा। मौके पर सुमन कुमारी, रूबी कुमारी, ममता कुमारी, रेणु कुमारी, सरोज रंजन, विभा कुमारी समेत प्रखंड क्षेत्र के सभी एएनएम थे।
कोठिया पीएचसी पर प्रदर्शन करते एएनएम।