- Hindi News
- National
- Samastipur News Doctors From Bharti Hospital Absconding Since 12 Days Team Formed For Investigation
12 दिनाें से फरार हैं भारती हॉस्पिटल के डॉक्टर-कर्मी, जांच के लिए टीम गठित
शहर के मोहनपुर में अवैध रूप से चल रहे भारती हॉस्पिटल का टैग लगी नवजात लड़की का शव मिलने के बाद विगत 12 दिनों से भारती हॉस्पिटल के डॉक्टर व कर्मी फरार चल रहे हैं। जबकि मामला प्रकाश में आने व एसडीओ की पहल पर सीएस ने आनन-फानन में इसकी जांच को लेकर टीम का गठन भी कर दिया था। टीम 3 मार्च को भारती हॉस्पिटल भी पहुंची। जहां सभी कुछ खाली पाया गया। वहीं पूर्व में भी इसका लाइसेंस रद्द होने की बात सामने आने पर इसे सील करने व संबंधित डॉक्टर व कर्मी पर एफआईआर की बात की गई थी। मगर स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की वजह से अब तक न तो डॉक्टरों की टीम ने दोबारा हॉस्पिटल की ही जांच की, न उसे सील किया न किसी के नाम या अज्ञात पर एफआईआर ही दर्ज कराया। बताया जाता है कि सीएस की ओर से बनाई गई जांच टीम में सदर अस्पताल के दो डॉक्टर डॉ. श्रीराम प्रसाद व डॉ. सुमन झा के अलावा अस्पताल के कर्मी आदित्यनाथ शामिल हैं।
स्वास्थ्य संस्थाओं की जांच के लिए 8 सदस्यीय टीम का किया गया है गठन
जिले में अवैध रूप से चल रहे अल्ट्रासाउंड व नर्सिंग होम आदि स्वास्थ्य संस्थाओं की जांच के लिए 8 सदस्यीय टीम गठित है। मगर इस प्रकार के मामले के बराबर आने को समिति का सक्रिय नहीं होना बताया जाता है। समिति में एसी एमओ आरआर झा, डीपीआरओ, न्यायालय के पीपी, डॉ. संजय कुमार चौधरी, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अदिति प्रियदर्शनी, मेडिसिन के डॉ. बीके सिंह, एनजीओ से विमला देवी व सीबी अग्रवाल शामिल हैं। जबकि सदर अस्पताल के सीएस इसमें पदेन सदस्य के रूप में शामिल हैं।
जांच समिति नहीं है सक्रिय
इसी बिल्डिंग में था भारती हॉस्पिटल।
सीएस बाेले- काेराेना काे लेकर व्यस्तता बढ़ी, शीघ्र हाेगी कार्रवाई, लाइसेंस रद्द होने पर भी संचालित था हॉस्पिटल
3 मार्च के अंक में प्रकाशित खबर।
भारती हॉस्पीटल का टैग लगा मृत नवजात मिलने के बाद ही जांच बाद वहां के डॉक्टरों व कर्मियों पर कार्रवाई होनी थी। यदि एक रात में मकान खाली कराया गया है तो सीएस से बात कर मकान सील कर संबंधित डॉक्टर पर एफआईआर कराई जाएगी।
-एके मंडल, एसडीओ, सदर
भारती हॉस्पिटल की जांच मामले के तुरंत बाद ही कोरोना वायरस को लेकर व्यस्तता बढ़ी है। जिससे इस मामले में कार्रवाई नहीं कराई जा सकी है। डॉक्टरों की टीम जल्द ही भारती हॉस्पीटल सहित अन्य अवैध नर्सिंग होम व जांच घरों की रिपोर्ट करेंगे।
-सियाशरण मिश्रा, सीएस, सदर अस्पताल
एसडीओ ने सीएस को मामले की जांच कराने को कहा था
बीते 2 मार्च 2020 को मोहनपुर रोड के एक निर्माणाधीन कॉम्पलेक्स के निकट कूड़े के ढेर से नवजात बच्ची का शव मिला था। जिसे कुत्तों ने नोच खाया था। इस मामले में स्थानीय लोगों की पहल पर एसडीओ ने सीएस को पूरी जांच करने की बात कही थी।