डीआरडीए निदेशक ने किया प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण
डीआरडीए निदेशक पूनम कुमारी ने शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय, मनरेगा सहित सभी कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी फाइलों को अपडेट करने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया। डीआरडीए निदेशक ने निरीक्षण के दौरान पंचायत में चल रही योजना पंजी, सेवा पुस्तिका, संदेश वाहक पंजी, अग्रिम पंजी, वेतन भरपाई पंजी, सामाजिक
सुरक्षा पंजी सहित कई अन्य विभागीय पंजियों का अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में
कई फाइलों को अद्यतन करने का निर्देश दी।
वहीं बीडीओ को निर्देश करते हुए कहा कि जो कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन सही से नहीं कर रहे हैं , वैसे कर्मियों को नो वर्क नो पे के आधार पर वेतन बंद किया जाए। उन्होंने बीडीओ को निर्देश देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी सप्ताह में 3 दिन पंचायत का दौरा कर सुपरवाइजर द्वारा किए गए रिपोर्ट का जांच करेंगे। अगर उस दौरान किसी प्रकार की जांच में गड़बड़ी पाई जाए तो उन पर कार्रवाई की जाए। वहीं निदेशक ने प्रखंड के रायपुर बुजुर्ग, मूसापुर, गंगापुर, अख्तियारपुर, मनिकपुर एवं झखडा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीडीओ को आदेश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास का उठाव करने के उपरांत समय सीमा समाप्त हो जाने के बाद भी आवास का निर्माण कार्य नहीं करने वाले लाभुकों पर सर्टिफिकेट केस दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सरायरंजन पश्चिमी, नरघोघी, गंगसारा, मूसापुर आदि पंचायतों में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है, उसी तर्ज पर हर एक पंचायत में अविलंब सामुदायिक शौचालय का निर्माण शुरू कराया जाए।
प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण करती डीआरडीए निदेशक पूनम कुमारी।
लाभुकाें काे राशि उपलब्ध कराने का निर्देश
उन्होंने शौचालय योजना में बचे हुए लाभुकों को जल्द से जल्द राशि उपलब्ध कराने एवं आवास योजना में बचे हुए शेष लाभुकों को इसका लाभ देकर पूर्ण करने का निर्देश दिया। सीएम पोर्टल एवं पीएम पोर्टल आवेदन को भी प्राथमिकता से निष्पादन करने का प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। साथ ही लाइफ सर्टिफिकेट के लिए प्रखंड स्तर पर ऑपरेटर को नियुक्त किया गया । वहीं मनरेगा पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा गया कि टैली सॉफ्टवेयर पर प्रधानमंत्री आवास एवं मनरेगा में चल रहे अन्य कार्य योजना का रिपोर्ट अपलोड कर अपडेट किया जाए। मौके पर जिला स्वच्छता समन्वयक दयानंद प्रसाद, बीडीओ गंगा सागर सिंह, मनरेगा पदाधिकारी संजय सिंह, प्रशांत कुमार व अन्य कर्मचारी मौजूद थे।