- Hindi News
- National
- Dalsinghsarai News Five Youths Saved A Straw Laden Vehicle From Burning For 3 Hours On Dalsinghsarai Rosda Road
दलसिंहसराय-रोसड़ा मार्ग पर पांच युवकों ने 3 घंटे की मशक्कत से पुआल लदी गाड़ी को जलने से बचाया
थाना क्षेत्र के दलसिंहसराय-रोसड़ा मार्ग पर मालपुर में गुरुवार को सड़क किनारे ओवर हाइट आग लगी पुआल लदी टाटा 406 गाड़ी को चालक व खलासी छोड़कर फरार हो गए। टाटा 406 गाड़ी में लगी जबरदस्त आग की वजह से टायर फटने से हुई आवाज से स्थानीय लोग मौके ओर जुटने लगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार साढ़े दस बजे के आसपास 32 नंबर रेलवे गुमटी से ओवर हाइट पुआल लदी टाटा 406 गाड़ी (बीआर 1 जीए 2290) रोसड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान ओवर हाइट की वजह से बिजली के तार की चपेट में आकर शार्ट सर्किट की वजह से निकली चिंगारी से पुआल में आग पकड़ लिया। इसके बाद हवा के संपर्क में आने की वजह से आग सुलगते हुए फैलकर नीचे सड़क पर गिरना शुरू हुआ। इसको देखते ही गस्ती में निकली पुलिस गाड़ी, उधर से गुजर रहे सीआई सहित कई बाइक सवार लोग हल्ला करते हुए गाड़ी में आग लगने की बात कहते हुए उसका पीछा करने लगे। परंतु चालक तेजी से आगे की ओर बढ़ता चला गया। शहर से दूर ग्रामीण इलाके मालपुर दूध सेंटर से आगे जाकर सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करते हुए चालक व खलासी भाग निकला।
दमकल कर्मियाें काे दी गई सूचना
पीछे से दारोगा संगीता कुमारी, शिव कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ पहुंचकर लोगों को किसी प्रकार की हानि नही पहुंचने को लेकर दोनों तरफ सड़क मार्ग को बंद करवाते हुए इसकी सूचना दमकल कर्मियों को दिया। सूचना मिलने के बाद स्थानीय दमकल कर्मी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। दमकल का सारा पानी समाप्त होने के बावजूद आग नही बुझी। इसके बाद गांव के ही मनोज, राजेश, मुकेश, रौशन, संजीव सहित अन्य लोग व दारोगा ने तत्काल दमकल में पानी की व्यवस्था में जुटते हुए पास के सर्विसिंग सेंटर से उसकी व्यवस्था किया। इसके बाद सभी युवकों ने अपनी जान की परवाह किए हल्की आग पकड़ी गाड़ी पर चढ़ते हुए हाथों व बांस की मदद से पुआल को नीचे फेंकने में जुट गए। इसी दौरान एक और छोटी दमकल गाड़ी पहुंचकर आग बुझाने में जुट गई। लगभग 3 घंटे से ऊपर की कड़ी मशक्कत के बाद पुआल में लगी आग को बुझाने में सफलता मिली। इसके बाद गाड़ी को जेसीबी की मदद से निकालते हुए आग लगी जगह से कुछ दूर आगे हटाते हुए सड़क किनारे फेंकी गई पुआल में सुलग रही आग को दमकल कर्मी बुझाने में कामयाब रहे। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्र ने बताया कि गाड़ी की सुरक्षा के लिए चौकीदार की प्रतिनियुक्ति की गई है। पुलिस जांच में जुटी है।
{मालपुर में सड़क किनारे गाड़ी छोड़कर ड्राइवर और खलासी फरार हो गया, तलाश जारी
{लोग बाइक से चिल्लाकर पीछा करते रहे, कई किलोमीटर बाद ड्राइवर को लगी भनक
दलसिंहसराय के मालपुर में आग लगी गाड़ी को बुझाने में जुटे दारोगा व अन्य कर्मी।