बाइक दुर्घटना में एक की मौत, एक व्यक्ति घायल
मोरवा | हलई ओपी क्षेत्र के डिहिया पुल के निकट नून नदी बांध पर बाइक दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि दूसरा बाइक सवार घायल हो गया। होली के दौरान नशे की हालत में चला रहे बाइक सवार ने संतुलन खोकर बांध किनारे स्थित घर में बाइक से जबरदस्त टक्कर मार दी। फलस्वरूप एक बाइक सवार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा बाइक सवार घायल हो गया। मृतक व घायल बाइक सवार मोहिउद्दीननगर थाने के रमैया भदैया गांव का बताया गया है। घायल ने दुर्घटना की सूचना अपने परिजनों को मोबाइल पर दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर आकर शव को ले गए। इधर हलई पुलिस को भी घटना की सूचना मिली। पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही मृतक के परिजन मृतक व घायल सवार को लेकर चंपत हो गए। ओपीध्यक्ष संदीप कुमार पाल के अनुसार मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने के लिए किसी भी प्रकार का संपर्क नहीं किया। पुलिस द्वारा छानबीन की जा रही है।