पुलिसिया उत्पीड़न के खिलाफ माले का प्रदर्शन, की नारेबाजी
उजियारपुर के भाकपा माले नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर पुलिसिया उत्पीड़न एवं झूठे मुकदमे में गिरफ्तारी के खिलाफ मुकदमा को समाप्त करने की मांग पर शनिवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों के माले एवं खेग्रामस कार्यकर्ताओं ने शहर के मालगोदाम चौक पर जुटकर अपने-अपने हाथों में झंडे,बैनर एवं मांगों से संबंधित नारे लिखी तख्तियां लेकर जुलूस निकाला। जुलूस बाजार क्षेत्र के मुख्य मार्गों का भ्रमण कर नारे लगाते हुए ओवरब्रिज चौराहा होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिलकर स्मार पत्र सौंपकर झूठे मुकदमे समाप्त करने की मांग की। प्रतिनिधिमडल ने झूठे मुकदमें में गिरफ्तार उजियारपुर माले प्रखंड सचिव सह जिप सदस्य पति महावीर पोद्दार समेत अन्य सभी 5 कार्यकर्ता को रिहा करने की मांग की। माले जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार ने कार्रवाई नहीं होने पर अगले सप्ताह से एसपी के समक्ष अनशन आंदोलन करने की चेतावनी दी। समाहरणालय गेट पर एक सभा का आयोजन किया गया। अध्यक्षता प्रो. उमेश कुमार ने की। मौके पर अमित कुमार, सुनील कुमार, उपेंद्र राय, जीवछ पासवान, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, सत्यनारायण महतो, राजकुमार चौधरी, फिरोजा बेगम थे।