- Hindi News
- National
- Hasanpur News The Bypass Road From Rampur Village To The Government Has Not Been Renovated For The Last 20 Years
रामपुर गांव से शासन तक जाने वाली बायपास सड़क का पिछले 20 सालों से नहीं किया गया है जीर्णोद्धार
प्रखंड के रामपुर गांव से शासन तक जाने वाली करीब 4 किलोमीटर लंबी बायपास सड़क का पिछले 20 सालों से जीर्णोद्धार नहीं किया गया है। जीर्णोद्धार के अभाव में इस सड़क की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है। जर्जर सड़क पर जगह-जगह छोटे बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जो दुर्घटनाओं को आमंत्रित करते हैं। इस जर्जर सड़क से होकर साइकिल, बाइक या चार पहिया वाहनों से यात्रा करना जान जोखिम में डालने के समान है। इस स्थिति में क्षेत्र के लोग इस जर्जर सड़क को छोड़कर रास्ता बदलकर शासन सहित अन्य गावों तक पहुंचते हैं। बताया जाता है कि आज से 20 साल पहले रामपुर गांव से कब्रिस्तान होते हुए शासन गांव तक बायपास पीचिंग सड़क का निर्माण किया गया था। निर्माण के बाद चार-पांच सालों तक तो क्षेत्र के लोगों को इस सड़क से होकर यात्रा करने में सुविधा होती रही। लेकिन उचित मरम्मतीकरण के अभाव में सड़क की स्थिति जर्जर होती रही। क्षेत्र के लोगों ने इस सड़क के उद्धार के लिए जनप्रतिनिधियों से लेकर विभागीय पदाधिकारी तक को इस ओर ध्यान आकृष्ट कराया। लेकिन परिणाम सिफर रहा।
आश्वासन के अलावे कुछ भी हासिल नहीं हो सका। परिणाम यह है कि वर्तमान समय में यह सड़क टूट-टूट कर अस्तित्व विहीन होता जा रहा है। बारिश के समय में तो इस सड़क की स्थिति और बदतर हो जाती है। गड्ढों में कीचड़ व जलजमाव से इस रास्ते से होकर चलने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस सड़क की जर्जर स्थिति के कारण क्षेत्र के लोग रास्ता बदलकर शासन सहित अन्य गांवों तक की यात्रा करने को विवश हैं। लोग रामपुर-मुसेपुर मोड़-कसिया होते हुए शासन तक पहुंचते हैं। इस दौरान लोगों को यात्रा करने में अधिक समय खपत करना होता है। हालांकि इस संबंध में विधायक राजकुमार राय ने बताया कि हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण सड़कों के जीर्णोद्धार व निर्माण के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। इनमें रामपुर से शासन तक जाने वाली सड़क सहित कई मुख्य सड़कों के निर्माण को हरी झंडी भी मिल गई है। टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। जल्द ही जर्जर सड़कों का कायाकल्प होगा।
अाश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला