- Hindi News
- National
- Samastipur News The Problem Of Lifting Garbage From The City Area Increased Due To Single Tenders Canceled
नगर क्षेत्र से कूड़ा उठाने की समस्या बढ़ी सिंगल टेंडर गिरने से रद्द हो गया टेंडर
नगर क्षेत्र में कूड़ा उठाव को लेकर समस्या बढ़ती जा रही है। विभागीय निर्देश पर नए वित्तीय वर्ष यानी 1 अप्रैल 2020 से आउटसोर्सिंग के माध्यम से शहर के बाजारों व सभी वार्डों में कूड़ा उठाव, नाला सफाई व झाड़ू आदि का काम कराना है। मगर नगर प्रशासन की ओर से अभी तक कूड़ा उठाव को लेकर टेंडर फाइनल नहीं किया जा सका है। बताया जाता है कि इसको लेकर निकाले गए टेंडर में केवल एक एनजीओ की ओर से टेंडर डाले जाने के कारण उसे रद्द कर दिया गया है। जिसके बाद विभाग की ओर से टेंडर निकालने के लिए संबंधित विभाग को फिर से विज्ञापन भेजा गया है। जिसमें समय लगेगा। विज्ञापन बाद फिर से टेंडर डाला जाएगा। फिर उसे खोला जाएगा, तब फाइनल किया जाएगा। इस प्रकार नए वित्तीय वर्ष में आउटसोर्सिंग के माध्यम से शहर की सफाई कराना संभव नहीं लग रहा है। वहीं कूड़ा डंपिंग स्थल न होने के कारण विभाग की ओर से स्थाई व दैनिक कर्मियों के माध्यम से सफाई का काम पूरा नहीं हो पा रहा है। जिससे शहर की सड़कों व वार्डों में कूड़े का ढेर लगा रहता है।
कंपोस्ट निर्माण का नहीं शुरू हो सका काम
शहर के कचरे से कंपोस्ट बनाने को लेकर पिट का निर्माण तो करा लिया गया मगर विगत एक वर्ष से विभाग वहां कंपोस्ट निर्माण का काम शुरू नहीं कर पाई है। जिससे शहर के कचरे को खपत करने व विभागीय आय का एक माध्यम मिल जाता।
नगर क्षेत्र के अार्य समाज रोड में जमा कूड़े का ढेर।
प्रतिदिन शहर से निकलता है 30 टन कूड़ा
बताया जाता है कि शहर से प्रतिदिन 30 टन से अधिक कूड़ा निकलता है। जिसमें सूखा व गीला दोनों कूड़ा शामिल है। जबकि इतनी बड़ी मात्रा में कूड़ा को जमा करने के लिए कहीं भी जगह नहीं है। अभी जितवारपुर के एक निजी जमीन पर इसे फेंका जा रहा है। जो कभी भी भर जाएगा, जिसके बाद फिर समस्या होगी।
टेंडर निकालने की प्रक्रिया है जारी
शहर की सफाई को लेकर टेंडर निकाला गया था। मगर एक ही टेंडर डाले जाने से वह रद्द हो गया। विभाग को जानकारी दी गई है, जल्द दोबारा टेंडर निकाला जाएगा। वहीं शहर व उसके 2-3 किलोमीटर में कूड़ा डंपिंग के लिए जगह खोजी जा रही है।
रजनीश कुमार, ईओ, नप