- Hindi News
- National
- Samastipur News Vicious Manni Was Arrested By Police In Ladaura Pistol And Bullet Recovered
लदौरा में शातिर मन्नी को पुलिस ने कियागिरफ्तार, पिस्टल और गोली हुई बरामद
डाकाकांड की राशि के बंटवारे का पैसा लेने लदौरा के रमेश ठाकुर के घर पहुंचे शातिर बदमाश प्रशांत कुमार उर्फ मन्नी को पुलिस की टीम ने दबोच लिया। हालांकि उसका दो अन्य साथी फायरिंग करते हुए भागने में सफल रहे। गिरफ्तार मन्नी के पास से पुलिस ने एक नाइन एमएम पिस्टल के अलावे दस गोली बरामद की है। मन्नी चकमहेसी थाने के मालीनगर गांव का रहने वाला है। वह पूर्व में पूसा थाना क्षेत्र में हुई एक डाकाकांड में जेल जा चुका है। माना जा रहा है कि उक्त डाकाकांड में जेल से छूटने के बाद अपने हिस्से का पैसा लेने साथी रमेश के यहां पहुंचा था। हालांकि पुलिस ने कुछ दिन पूर्व ही रमेश को हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है। मन्नी रमेश के भाई से पैसा के लेनदेन की बात कर रहा था। सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि शनिवार रात मन्नी रुपए लेनदेन के सिलसिले में रमेश के घर पहुंचा है। सूचना पर कल्याणपुर थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह, दारोगा अफताब अहमद खां, टूनानंद सिंह, जमादार सत्येद्र सिंह ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मन्नी को चार चक्का वाहन के साथ पकड़ लिया गया। जबकि उसके दो साथी वाहन से कूद कर फायरिंग करते हुए अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। डीएसपी ने बताया कि फरार हुए दोनों बदमाशों की पहचान कर ली गई जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार बदमाश के साथ सदर डीएसपी व अन्य।