- Hindi News
- National
- Bikramganj News Army Jawan Going To Leave Sister And Niece Army Soldier Dies In An Accident
बहन व भांजी को छोड़ने जा रहे सलेमपुर निवासी आर्मी जवान की हादसे में मौत
डेहरी-डुमरांव मुख्य मार्ग पर बिक्रमगंज शहर के पेट्रोल पंप के समीप बहन को घर छोड़ने जा रहे आर्मी जवान की बाइक में ट्रक ने टक्कर मार दिया जिसमें वह गंभीर रुप से जख्मी हो गया। आनन फानन में आस पास के ग्रामीण जख्मी जवान को लेकर शहर के करुणा अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों व शुभचिंतकों की भीड़ अस्पताल में उमड़ पड़ी। काली रात के अंधेरे में मातमी चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया था। प|ी बेहोश हो गई थी। उसे यकीन नहीं हो रहा था कि उसके पति की मौत हुई है वह परिजनों व आस-पास खड़े लोगों से एक रट लगा रही थी कोई तो हेल्प करो पटना ले चलो ना...जेपी को देखो ना चोट लगी है। पापा हेल्प करो ना कहकर सबके सामने हाथ जोड़ गिड़गिड़ा रही थी। जिसे देख वहां खड़े लोगों के कलेजे फट रहे थे। घटना के बारे में बताया जाता है कि सलेमपुर गांव निवासी स्वर्गीय शिवपूजन सिंह के पुत्र जेपी सिंह उर्फ छोटू होली की छुट्टी में घर आया था। जो बुधवार को अपने गांव सलेमपुर से अपनी बहन मंजू देवी व भांजी को लेकर बिक्रमगंज डुमरांव रोड स्थित काली मंदिर के समीप स्थित अपने घर जा रहे थे कि विपरीत दिशा से आ रहा ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसे आस-पास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक डॉ कामेंद्र सिंह ने मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद पीछा कर ट्रक को युवकों ने पकड़ा
जिस ट्रक से फौजी के बाइक में ट्रक ने टक्कर मारी थी उस ट्रक को भी नज़दीक के युवकों ने पकड़ लिया जिसे बाद में युवकों ने पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए ट्रक को पुलिस जब्त कर थाना लेते गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामबिलास चौधरी ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया है।
फौजी 9 मार्च को आया था छुट्टी पर होली मनाने गांव
आर्मी जवान जयप्रकाश उर्फ छोटू होली पर्व पर अपने गांव आया था और 19 मार्च को जाने वाले थे। वह गया रेजिमेंट में टेक्निकल सिग्नल पद पर कार्यरत थे। जिनकी तैनाती सिकंदराबाद था। वह 2006 में ज्वाइन किए थे। छोटू की मौत के बाद प|ी अनामिका का रो रो कर बुरा हाल है। आस-पास के पड़ोसियों द्वारा ढाढ़स बंधाया जा रहा है। छोटू के पुत्र आर्यन व एक पुत्री अनन्या है।
10 मार्च को भी एक आर्मी जवान की सड़क हादसे में हुई थी मौत
होली के दिन भी बिक्रमगंज-दिनारा मुख्य मार्ग पर पिकप ने दशरथ सिंह नामक एक जवान को रौंद दिया था। जिसकी मौत इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते मे हो गई थी। अभी उस जवान की मौत को लोग भूल भी नही पाएं थे कि दूसरे दिन ही डुमरांव रोड़ में जयप्रकाश को ट्रक ने टक्कर मार कर हमेशा के लिए सुला दिया।
जयप्रकाश पांच भाइयों में सबसे छोटा था
स्वर्गीय शिवपूजन सिंह के पांच पुत्रों में जयप्रकाश सबसे छोटा पुत्र था। जो आर्मी में नौकरी करता था। उसके मौत की खबर मिलते ही रिश्तेदारों व शुभचिंतकों की भीड़ गांव की तरफ आने का सिलसिला जारी है। सबकी आंखें नम है। गांव की गलियों व चौराहों पर लोग इकट्ठा हुए हैं। हर चेहरा उदास था।
आर्मी सेंटर से पहुंचे जवान, दिया गार्ड ऑफ ऑनर
आर्मी सेंटर गया से मराठा रेजिमेंट के सूबेदार रघुनाथ पाटिल की देख रेख पहुंचा था। जैसे ही साथी की सड़क हादसा में मौत हो जाने की खबर मिली तो उसके गांव सलेमपुर पहुंच जेपी के अंतिम यात्रा निकाली व गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सलामी देने के बाद साथी जवान भी काफी भावुक थे। फिर सूबेदार रघुनाथ पाटिल ने तिरंगा को फौजी छोटू के पुत्र आर्यन को सौपा वह पल बड़े ही भावुक थे।
अंतिम सलामी: आर्मी सेंटर गया से पहुंचे मराठा रेजिमेंट के जवानों ने दी श्रद्धांजलि
जवान को सलामी देते साथी व फाइल फोटो।