कोरोना वायरस: अस्पतालों को किया गया अलर्ट
कोरोना वायरस को लेकर जिले में सभी अस्पतालों में अलर्ट जारी किया गया है। जिले के सभी सीएचसी, पीएचसी में भी अलर्ट जारी किया गया है। सरकार के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ जनार्दन शर्मा ने सदर अस्पताल में जमीनी स्तर पर तैयारी पूरी कर दी है। सीएस के निर्देश पर संक्रमण से पीडित मरीजों के लिए विशेष रुप से 6 बेडों का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। सीएस कि अस्पताल के सभी कर्मियों और चिकित्सकों के लिए मास्क और ग्लब्स की व्यवस्था की गई है। सीएस ने जिलेवासियों से अपील की है कि जनवरी 2020 के बाद चीन,थाईलैंड, मकाउ,सिंगापुर सहित भारत सरकार द्वारा चिंहित 16 देशों की यात्रा जिन लोगो ने की है और उन लोगो को अगर बुखार, सर्दी, खांसी या सांस लेने में परेशानी हो रही हो तो वे तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। अनुमंडल अस्पताल,पीएचसी के अलावे सभी स्वास्थ्य इकाइयों को अलर्ट कर दिया गया है। कोरोना के संदिग्ध मरीज मिलते ही वरीय अधिकारी को इसकी सूचना देते हुए संदिग्ध को तत्काल सदर अस्पताल भेजने के लिए निर्देशित किया गया है। इसको ले कलेक्ट्रेट परिसर के डीआरडीए भवन के सभागार में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता एडीएम लाल बाबू ने की। कार्यशाला में कोरोना से बचाव के बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। एक स्थान पर भीड़ नहीं लगाने, टीश्यु पेपर, रूमाल, मास्क के इस्तेमाल पर जोर दिया गया। खासी,बुखार, सिर दर्द आदि के स्थिति में तत्काल चिकित्सक से परामर्श लेने और लोगों को जागरूक करने पर चर्चा की गई। कार्यशाला में सिविल सर्जन डॉ जनार्दन शर्मा, एसीएमओ डॉ जनार्दन प्रसाद सुकुमार, डीपीसी संजीव मधुकर, जिला महामारी विशेषज्ञ , जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सभी पीएचसी प्रभारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मौजूद थे।
सीएस ने बताया कि कोरोना वायरस को ले सदर अस्पताल में स्पेशल वार्ड के अलावे प्रर्याप्त चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों को तैनात कर दिया गय है। कोरोना को ले अगल से रोस्टर बनाया गया है। जिसके तहत वहां 24 घंटे चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध रहेंगे। कोरोना को ले पर्याप्त संसाधन व दवाएं उपलब्ध है। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सक ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। कोरोना के संदिग्ध मरीज के आने की स्थिति में उनका इलाज करेंगे। वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को इसके लिए प्रशिक्षित कर दिया गया है।
सिविल सर्जन ने बताया कि कोरोना वायरस का जिले में कोई असर नहीं है। बताया कि उक्त वायरस को ले जिले में जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को वायरस की जानकारी दी जा रही है ताकि लोग अफवाह पर ध्यान न दें। प्रदेश स्तर पर बैठक की जा रही है।
जेल प्रशासन ने लगाई मुलाकातियों पर रोक
सासाराम|कोरोना वायरस के संक्रमण से रोकथाम के लिए जेल प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए सासाराम के मंडल कारा जेल में मुलाकाती पर रोक लगा दी गई है। इस संबंध में जेल आईजी के द्वारा आदेश जारी किया गया है। बता दे कि कोरोना वायरस से बचाव को लेकर इस तरह का आदेश जारी किया गया है। इस सम्बंध में जानकारी देते हुए रोहतास जेल अधीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि कोरोना को ले जेल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जेल के अंदर नए आनेवाले कैदियों की पहले जांच की जा रही है। उन्हें जागरूक भी किया जा रहा है।