गंगा-जमुनी तहजीब व्यक्त करता है होली पर्व
तान्या विकलांग सेवा संस्था द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन समाजसेवी विवेक कुमार पांडेय उर्फ सोनू पांडेय ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी ने कहा कि आपसी प्रेम व सौहार्द के साथ होली मनाएं। ऐसा कोई कार्य नहीं करें कि जिससे किसी व्यक्ति को परेशानी हो। आपसी प्रेम व भाईचारा का पर्व है। होली एक उत्सव या त्यौहार है जो वास्तव में भारत ही नहीं बल्कि पूर उपमहाद्वीप को अपने रंग में सराबोर करता है। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान में जो त्यौहार सही मायनों में गंगा-जमुनी तहजीब को व्यक्त करता है, वह होली ही है। यह केवल रंगों का त्यौहार ही नहीं है बल्कि स्वयं जीवन का जश्न है। हर त्यौहार का एक गहरा सन्देश होता है। मसलन दीपावली अंधरे व बुरी ताकतों को दूर करती है। जबकि होली हमारे जीवन को अनेक रंगों से भर देती है। यह दोस्ती व मनमुटाव दूर करने का त्यौहार है। जब लोग एक दूसरे को गले लगाते हैं, कटुता व नाराजगी को भूल जाते हैं और फिर प्यार व मुहब्बत से शेष जीवन व्यतीत करने का वायदा करते हैं तो इसे होली कहते हैं। उन्होंने कहा कि जब फ्रेंच यात्री बरनियर मुगल सम्राट शाहजहां के दौर में भारत आये थे तो उन्हें इतने सारे लोगों को होली खेलता हुआ देखने पर आश्चर्य हुआ था। ये लोग सभी जातियों व धर्मों और वर्गों से संबंधित थे। यही तो होली की सुन्दरता है।
समाजसेवी को सम्मानित करते संस्था के लोग।
दिव्यांग महिलाओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम में दिव्यांग महिलाओं को संस्था द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच का आयोजन किया गया। शिविर में वाराणसी के चिकित्सक डॉ संजय कुमार द्वारा दिव्यांगों की स्वास्थ्य जांच धर्मशाला स्थित कांसेप्ट गेस्ट हाउस में किया गया। शिविर में टीबी, पेट, मस्तिष्क, हृदय, गठिया, जोड़ों में दर्द, चर्म रोग आदि का इलाज किया गया। वहीं कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए चिकित्सकों द्वारा सुझाव दिए गए एवं आयुर्वेद दवा की जानकारी भी दी गई। संस्था के अध्यक्ष राजीव कुमार शुक्ला, राजेश कुमार शुक्ला, रविभूषण तिवारी, धर्मावती देवी, लक्ष्मीना देवी, सरोज कुमार, संतोष कुमार लाल, बाबू साह, र|, अनिल कुमार , लक्ष्मण प्रहलाद आदि मौजूद थे। कार्यक्रम के मौके पर उपस्थित देव राज शिवम पांडेय ने संस्था द्वारा आयोजित किए गए इस तरह के कार्यक्रम पर साधुवाद दिया।