- Hindi News
- National
- Tiluthu News In Tilothu Villagers Stormed The Business Of Businessmen Drunken Liquor
तिलौथू में ग्रामीणों ने धंधेबाजों के घर पर बोला धावा, शराब को नाली में बहाया
तिलौथू प्रखंड के महाराजगंज गांव में शराब पीकर छत से गिर एक युवक की मौत के बाद गांव में शराब बेचने वालों के खिलाफ ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। युवक के दाह संस्कार से लौटने के बाद सैकड़ों ग्रामीण जिसमें काफी संख्या में औरतें भी थीं, एक राय होकर अवैध शराब बेचने वालों के घर पर धावा बोल दिया। लगभग एक दर्जन शराब बेचने वालों के घर से करीब 50 लीटर बरामद शराब को नाली में बहा दिया। सभी से भविष्य में शराब न बेचने की कसम खिलाई। नहीं मानने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।
स्थानीय समाजसेवी ओमप्रकाश पाटेश्वरी ने बताया कि महाराजगंज गांव में कई बार मनाही के बावजूद भी अवैध शराब धंधे बाज चोरी-छिपे शराब बेचने से बाज नहीं आ रहे हैं । पूर्व में पुलिस से की गई शिकायत के बाद पुलिस ने इनमें से कई को जेल भी भेजा। लेकिन जमानत पर आकर वे फिर शराब बेचने का काम शुरू कर देते हैं। फिर पुलिस कार्रवाई नहीं करती।
पुलिस आती भी तो भाग जाते थे कारोबारी
वैसे तो पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही थी, कभी कभार पुलिस आती भी थी तो पुलिस को आते देख शराब विक्रेता भाग जाते हैं। स्वाभाविक है कि पुलिस कुछ देर के बाद फिर निकल जाती है। उसके बाद फिर से शराब बेचने का सिलसिला शुरू हो जाता है। ऐसे में हम स्थानीय निवासियों का ही सबसे पहला दायित्व है कि हम इस अवैध धंधे पर निगरानी रखें। ग्रामीण मुकेश कुमार मनीष कुमार ने बताया कि जो लड़का शराब पीकर मरा वह गांव का सबसे सीधा-साधा लड़का था। और शायद ही कोई जानता होगा कि वह शराब भी पीता है।
महिलाओं व युवाओं ने अभियान चलाकर एक दर्जन शराब बेचने वालों को चिह्नित कर नष्ट करवाई शराब
गांव की महिलाओं और युवाओं ने एक अभियान के तहत लगभग एक दर्जन शराब बेचने वालों को चिन्हित कर उनके यहां से बरामद शराब को नष्ट करवाया और चेतावनी दिया गया कि आगे से शराब बेचने वालों के ऊपर पैनी नजर रखी जाएगी। ग्रामीण सूत्रों ने बताया कि गांव में अब अवैध शराब बिक्री की निगरानी के लिए गुप्त रूप से युवाओं ने आपस में एक कमेटी बनाई है । जिसकी पहचान छुपाकर रखी गई है। इस कमेटी के लोग अपने-अपने क्षेत्रों के अंतर्गत चिन्हित शराब विक्रेताओं के घरों की निगरानी करेंगे और अगर शराब बेचने की शिकायत प्राप्त होती है तो स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों को सूचित कर उन्हें रंगे हाथ पकड़वाया जाएगा।
होली के दिन इन्हीं शराब बेचने वालों के पास से गांव का एक युवक सरोज गुप्ता ने शराब पीकर अपने घर में हंगामा किया। छत पर संतुलन बिगड़ने के कारण गिर गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। ग्रामीणों में इस बात को लेकर शराब विक्रेताओं के विरुद्ध काफी नाराजगी व्याप्त हो गयी। इस संबंध में ग्रामीण उर्मिला देवी प्रमिला देवी मंजू देवी आदि ने बताया कि हमने केवल पुलिस प्रशासन के भरोसे रह कर अंजाम देख लिया। जहरीले पदार्थ मिलाकर इस शराब को धंधेबाज बनाते हैं जो शराब पीने वालों के स्वास्थ्य के लिए काफी नुकसान दायक होता है।
होली के दिन शराब पीकर गांव का एक युवक नशे में छत से गिरकर मर गया था
धंधेबाजों के घर पर पहुंचे ग्रामीण।