पैक्सों में धान बिक्री करने वाले के लिए राहत की खबर
प्रखंड क्षेत्र के उन किसानों के लिए राहत की खबर है जिन्होंने अपने धान पैक्सों और व्यापार मंडल को तो दिए हैं लेकिन उस धान की राशि का भुगतान उन्हें नहीं हो सका है। अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीम अब किसानों के घर घर जाकर इसकी जानकारी लेगी कि उनका भुगतान अब तक क्यों नहीं हो सका है। अधिकारी और टीम यह भी देखेगी की शेष धान की खरीद क्यों नहीं हुई है। इस काम के लिए गठित कमेटी सदस्य और अधिकारी इसकी जांच रिपोर्ट बनाकर वरीय स्तर को सौंपेंगे। शुक्रवार को इसी मुद्दे पर प्रखंड सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की गयी।
अब तक 23168 क्विंटल धान की हुई है अधिप्राप्ति: प्रखंड में कुल रजिस्टर्ड किसानों की संख्या 523 है। इनमें से अब तक 252 किसानों ने अपना धान पैक्स अथवा व्यापार मंडल को नहीं दिया है। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के किसानों द्वारा अब तक कुल धान की अधिप्राप्ति 23168 क्विंटल हुई है। प्रखंड क्षेत्र के पंचायतों की बात करें तो बरांव कलां पंचायत में 1339 क्विंटल,वेरकप पंचायत में 1209 क्विंटल, भैसहां पंचायत में 333 क्विंटल,भलुआड़ी पंचायत में 2946 क्विंटल धान, चकन्हा में 936 क्विंटल, दहाउर पंचायत में 533 क्विंटल, गंगौली पंचायत में 4461 क्विंटल, जमुहार पंचायत में 4433,मझीआंव पंचायत में 1549 क्विंटल, मथुरी पंचायत में 618 क्विंटल, पहलेजा पंचायत में 2423 क्विंटल, पतपूरा पंचायत में 2949 क्विंटल एवं व्यापार मंडल में 680 क्विंटल धान की अधिप्राप्ति हुई है।
बैठक में थे उपस्थित: प्रखंड मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह, अंचल पदाधिकारी गुलाम शाहिद, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी, बीसीओ सुबोध कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह, किसान सलाहकार इंद्रमणि चौबे, संजय कुमार, मनीष कुमार आदि उपस्थित थे।
बैठक में उपस्थित लोग