- Hindi News
- National
- Sasaram News Sepoy Recruitment Examination 12 Candidates Expelled Youth Taking Exam Instead Of Brother Arrested
सिपाही भर्ती परीक्षा: 12 परीक्षार्थी निष्कासित, भाई की जगह परीक्षा दे रहा युवक गिरफ्तार
केंद्रीय चयन पर्षद सिपाही भर्ती के दूसरे चरण की परीक्षा रविवार को जिले के 30 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। सासाराम एवं डेहरी में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा में एक दर्जन परीक्षार्थी कदाचार को ले निष्कासित किए गए। जबकि दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे एक युवक को गिरफ्तार किया गया। बताते हैं कि युवक अपने भाई की जगह परीक्षा दे रहा था।
दो पालियों में हुई परीक्षा में कुल 33508 परीक्षार्थी शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि दोनों पालियों कुल 38208 परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होना था।
दोनों पालियों में अलग-अलग 19104 परीक्षार्थी को शामिल होना था। लेकिन दोनों पालियों में कुल 4700 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। ज्ञात हो कि गत 12 जनवरी को जिले के 30 केंद्रों पर ही सिपाही भर्ती की प्रथम चरण की परीक्षा हुई थी, जिसमें 30 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे।
सघन जांच के बाद ही प्रवेश
परीक्षार्थियों को सघन जांच के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया था। मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री ले जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहा। ताकि किसी प्रकार से ब्लूटूथ तथा अन्य की गड़बड़ी करने की आशंका नहीं रहे।
परीक्षार्थियों की उपस्थिति
परीक्षा की जानकारी देते हुए डीईओ प्रेमचंद ने बताया कि 30 केंद्रों पर प्रथम पाली में 16685 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 2419 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में परीक्षार्थी 16823 शामिल हुए, जबकि 2281 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
6 छापामार दल ने रखी निगरानी
सिपाही परीक्षा को ले सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। 30 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 15 जोनल मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की गई थी, साथ हीं 6 छापामार दल भी बनाए गए थे, जो नजर रखे हुए थे।
स्थगित कर दी गई थी परीक्षा
दूसरे चरण की परीक्षा 20 जनवरी को ही होनी थी। परंतु 19 जनवरी को जल-जीवन-हरियाली को ले मानव श्रृंखला के निर्माण के कारण दूसरे चरण की परीक्षा स्थगित कर दी गई थी, जो आज रविवार को संपन्न हुई।
प्रवेशपत्र पर फोटो मिलान के दौरान फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया
डीईओ ने बताया कि राजकीय उच्च विद्यालय डिलियां परीक्षा केंद्र से दूसरे के स्थान पर परीक्षा देता एक युवक गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए डेहरी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक का नाम परमेंद्र है, जो अपने भाई जीतेंद्र की जगह परीक्षा दे रहा था। परंतु प्रवेशपत्र पर फोटो मिलान के दौरान उसकी चालाकी पकड़ी गई, और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
परीक्षा केंद्र पर कतार में खड़े सिपाही अभ्यर्थी।
दोनों पालियों में 6-6 परीक्षार्थी निष्कासित, 4 एक ही केंद्र से
प्रथम पाली में 6 परीक्षार्थी निष्कासित किए गए। 3 परीक्षार्थी उच्च माध्यमिक विद्यालय डेहरी से निष्कासित किए गए। बाल विकास विद्यालय, संत पाल स्कूल एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय डिलियां से एक-एक परीक्षार्थी को निष्कासित किया गया। दूसरी पाली में 6 परीक्षार्थी निष्कासित किए गए। महिला कॉलेज डालमियानगर से 4, बाल विकास विद्यालय, श्री शंकर उच्च माध्यमिक विद्यालय तकिया से 1-1 निष्कासित हुए।
4700 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित, कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई दो पालियों की परीक्षा