महिला दिवस: कई कार्यक्रम आयोजित
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रखंड के शिक्षा सेवकों ने कार्यक्रम आयोजित किया। महादलित, दलित एवं अल्पसंख्यक, अतिपिछड़ा अक्षर आंचल योजना के तहत कार्यरत शिक्षा सेवकों ने अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में प्रभात फेरी, रैली निकाली तथा विचार गोष्ठी का आयोजन किया। केआरपी राम नारायण सिंह ने बताया कि साक्षरता विभाग ने निर्णय के तहत 8 से 15 मार्च तक महिला दिवस सप्ताह मनाने का फैसला किया है। बताया कि आगामी 14 मार्च को प्रखंड संसाधन केंद्र में विचार गोष्ठी एवं रैली का आयोजन किया जायेगा। जिसमें प्रखंड के कारण शिक्षा सेवक भाग लेंगे। वहीं प्रखंड मुख्यालय के पास स्थित ब्लॉक कॉलोनी के शिक्षा सेवक शशि कुमार ने साक्षरता केंद्र पर साक्षर हो रही महिलाओं एवं कोचिंग सेंटर के बच्चों के साथ रैली निकाली जो पोषक क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए विद्यालय परिसर में सभा में तब्दील हो गई। सभा को विद्यालय की प्रधानाध्यापिका तारा कुमारी, वीएसएस की सचिव माधुरी देवी, शारदा देवी ने भी संबोधित किया। इंद्रपुरी स्थित शेरशाह अभियंत्रण महाविद्यालय में महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य डॉ अनिल कुमार एवं डॉ स्वाति कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर डॉ स्वाति ने कहा कि महिलाएं अब समाज के हर कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। महिलाएं केवल घर की गृहणी के तौर पर पहले जाने जाती थीं लेकिन अब हर क्षेत्र में आगे हैं। कॉलेज की चतुर्थवर्गीय कर्मी अनीता देवी ने मौके पर कहा कि घर और कॉलेज दोनों जगह हम काम करते हैं। मौके पर छात्राओं ने भी विचार रखे। मंच संचालन छात्रा अपराजिता कुमारी ने किया।