बारिश के कारण देर रात गुल रही बिजली, उपभोक्ता रहे परेशान
शेखपुरा | जिले में शुक्रवार की देर शाम से मौसम खराब होने व तेज हवाओं के कारण बिजली की आपूर्ति व्यवस्था बाधित रही। जिसके कारण मुख्य रूप से चेवाड़ा, अरियरी, शेखोपुरसराय एवं बरबीघा के लोग पूरी रात अंधेरे में गुजारने को विवश रहे। हालांकि घंटों इंतजार करने के बाद चंद समय के लिए बिजली आपूर्ति बहाल की गयी थी, लेकिन मौसम खराब होने के कारण पुन:बंद कर दिया गया। इधर, बिजली के नदारद रहने से जिले में पानी के लिए हाहाकार मचा रहा। इस संबंध में विद्युत अभियंता अरविन्द कुमार ने बताया कि तेज हवा के साथ बारिश होने से स्थानीय पावर सब स्टेशन एवं बाइपास फीडर, स्टेशन और आईओसी फीडर से रात में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद हो गई थी मध्य रात के बाद 33 हजार की ग्रिड को मिलने वाली आपूर्ति भी ब्रेक डाउन कर गया एवं विभिन्न फीडरों में आए फाल्ट के कारण सभी जगह आपूर्ति ठप रहा। जिसके बाद स्थानीय पावर सब स्टेशन में शनिवार के दिन साढ़े दस बजे से बिजली की आपूर्ति शुरू कर दी गई। उन्होंने बताया कि बिजली की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए जूनियर अभियंता एवं बिजली कर्मी पूरी रात तत्पर रहे।