- Hindi News
- National
- Barbigha News People From Two Districts Met Then Holi Started In Mandana
दो जिले के लोग मिले, तब मंदना में शुरू हुई होली
होली के त्योहार पर सदर प्रखंड के मंदना गांव के निवासी सैकड़ों वर्षों से चली आ रही एक अनोखी परंपरा का निर्वहन किया। पड़ोसी जिले लखीसराय के वीरूपुर गांव के लोग मंदना गांव पहुंचे और दोनों गांव के ग्रामीण प्राचीन हनुमान मंदिर में एक साथ मिलकर पूजा-अर्चना की । कलश की स्थापना की। उसके बाद रामधुनी कीर्तन कार्यक्रम शुरू किया। रामधुनी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ध्वजारोपण तथा आरती हुई। फिर दोनों गांव के सभी लोग एक साथ रंग-गुलाल खेले। अब यहां से प्रसाद खाने के बाद ही घर में मांसाहारी भोजन अथवा लहसुन प्याज का उपयोग करेंगे। इस बाबत ग्रामीण सुशिल कुमार सिन्हा, छोटेलाल, वीरेंद्र पांडेय, पप्पू सिन्हा आदि बताते हैं की एक साल लखीसराय से कोई ग्रामीण मंदना गांव नहीं पहुंचा तो वीरूपुर गांव में जहाँ-तहां आगलगी की घटना शुरू होने लगी। जिसके बाद लोग इसे भगवान का प्रकोप समझते हुए आनन-फानन में शेखपुरा के मंदना गांव पहुंचे तब जाकर आगलगी की घटना शांत हुई। उस दिन के बाद से लगातार यह परम्परा शुरू है।
थाने में पुलिसकर्मियों ने मनाई होली
शेखपुरा। होली पर्व को लेकर मंगलवार को विभिन्न थानों में होली त्योहार धूमधाम से मनायी गई। जहाँ पुलिस कर्मियों ने एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। जिले के विभिन्न थानों में भी पुलिस जवानों ने होली खेली और एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर उत्साहित दिखे। वहीं, महिला पुलिसकर्मियों ने भी अबीर-गुलाल लगाकर होली का उत्सव मनाया। क्या दोस्त, क्या दुश्मन सभी ने दूसरों से अपने मनमुटावों को भुलाकर सिर्फ त्योहार का आनंद उठाया। इस अवसर पर थाना अध्यक्षों ने होली पर्व को शांति पूर्वक सम्पन्न कराने को लेकर कई आवशयक निर्देश भी दिए। साथ ही शांति व्यवस्था कायम रखने का अपील भी की।
बरबीघा। बरबीघा के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रंगों का त्यौहार होली पूरी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक होली के पारंपरिक गीतों रंग बरसे भीगे चुनरवाली, होली खेले रघुवीरा, आदि गीतों पर युवा जगह-जगह थिरकते नजर आए। बरबीघा शहर के महुआतल मोहल्ले में हर साल की भांति मटकी फोड़ होली का आयोजन हुआ।