पिपराही के मजार परिसर में अकीदतमंदों ने की चादरपोशी
पिपराही प्रखंड के मीनापुर बलहां स्थित सरकारें दाता सगीर शाह रहमतुल्लाह अल्लैह के उर्स ए मुकद्दस पर शनिवार को दिन भर मजार परिसर में फातेहाख्वानी व चादरपोशी का सिलसिला जारी रहा। इस अवसर पर शाह के मजार पर चादरपोशी को ले सैकड़ों अकीदतमंदों की भीड़ लगी रही। लोगों ने पूरे अकीदत के साथ चादर निकाली व मीनापुर बलहां स्थित मजार पर पहुंचकर चादरपोशी की। इस क्रम में सांसद आदर्श ग्राम पंचायत धनकौल के मुखिया बेगम जरीना खातून एवं लोक जनशक्ति पार्टी अल्पसंख्यक प्रकोष्ट के प्रधान महासचिव नसीर अहमद उर्फ लाल जी ने चादरपोशी की। साथ ही अमन व चैन, आपसी भाईचारा बरकरार रखने की दुआ मांगी। मजार स्थल पर मेला जैसा माहौल देखा गया। जिसमें झूला और मीना बाजार के अलावा मिकी माउस झूला भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। मौके पर पूर्व उप सरपंच महमूद आलम, पूर्व वार्ड सदस्य मोहम्मद यासीन, पूर्व पंचायत समिति सदस्य मोहम्मद इदरीश, मोहम्मद इरफान, इमाम निजामुद्दीन अंसारी, बुनियादगंज मस्जिद के इमाम मौलाना मुस्ताक, मोहम्मद जमालुद्दीन, मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद कयूम आदि शामिल थे।
मजार पर चादर पोशी करने जाते लोग।