पिकअप की ठोकर से साइकिल सवार जख्मी
सीतामढ़ी | नगर थाना क्षेत्र के एनएच 77 सड़क के कांटा चौक के समीप गुरुवार की सुबह पिकअप वाहन की ठोकर से अज्ञात साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना काे अंजाम देने के बाद पिकअप चालक सीतामढ़ी की ओर भाग निकला। इस दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। स्थानीय लोगों ने जख्मी युवक को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने युवक की गंभीर स्थिति को देख बेहतर इलाज के लिये एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि जख्मी युवक की अब तक पहचान नहीं की गयी है। जानकारी के अनुसार, सुबह साइकिल सवार युवक सीतामढ़ी की ओर से कांटा चौक जा रहा था। इसी बीच पुपरी की ओर से तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने उसे ठोकर मार दिया। इस कारण साइकिल सवार युवक जख्मी होकर नीचे गिर पड़ा।