भास्कर न्यूज| सीतामढ़ी/नानपुर
नानपुर थाना क्षेत्र के गौड़ा गांव में वार्ड सदस्य महेश महतो की पीटाई से गंभीर रुप से जख्मी सुनैना देवी की स्थिति नाजुक बनी हुई है। जख्मी का गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। इससे पूर्व उसे नानपुर से रेफर कर दिया गया था। वहीं आरोपित वार्ड सदस्य की अबतक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे पुलिस के कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे है। पिटाई से महिला की हालत ऐसी हो गयी है कि वह अपने आठ माह के मासूम बच्चे को दूध भी नहीं पीला पा रही है। रविवार को सदर अस्पताल में बच्चा को दूध के लिये तड़पता देखा गया। मासूम दूध पीने के लिये अपनी मां को उठाने का प्रयास कर रहा था। लेकिन, उसे सफलता नहीं मिली।
नाला निर्माण के विवाद में वार्ड सदस्य ने की थी पिटाई : 3 जुलाई को वार्ड सदस्य महेश महतो अपने वार्ड में सात निश्चय योजना के तहत नाला का निर्माण करा रहा था। इसी दौरान सुनैना देवी व सुनीता देवी ने वार्ड सदस्य को अपने घर के सामने नाला का मुंह खोलने से मना किया। इस बात पर आक्रोशित होकर वार्ड सदस्य दोनों महिला के साथ गाली-गलौज करने लगा। गाली देने से मना करने पर लात-घूसे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर जख्मी कर दिया था। जख्मी के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें वार्ड सदस्य समेत चार लोगों को आरोपित किया गया था।
आरोपितों के गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापेमारी : आईओ
पुअनि. सह कांड के आईओ ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि महिला के साथ पिटाई करने का मामला सही है। सभी आरोपित फिलहाल फरार है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नाजुक स्थिति में सदर अस्पताल में भर्ती महिला।