सिपाही भर्ती परीक्षा में मोबाइल के साथ धराया 1 परीक्षार्थी निष्कासित
सुपौल | सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा रविवार को जिले के सात परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। पहली पाली में एसएनएस महिला कॉलेज परीक्षा हॉल में एक परीक्षार्थी मोबाइल के साथ धराया। जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। सात केंद्रों पर पहली पाली में 3022 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 818 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 3043 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जबकि 787 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को लेकर सभी परीक्षा केन्द्रों पर सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने दिया जा रहा था। साथ ही सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी और विडियोग्राफी के निगरानी में परीक्षा हुई। डीईओ योगेश मिश्र ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इधर, परीक्षा को लेकर शहर में कुछ देर जाम का नजारा रहा।