स्वास्थ्य सेवा में सुधार को ले 13 को धरना
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमल कुमार यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। कांग्रेस अध्यक्ष श्री यादव ने बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य सदर अस्पताल में सुविधाओं का जायजा लेना था। बताया कि निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल में चिकित्सीय सुविधाओं का घोर अभाव दिखा। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक, नर्स, कंपाउंडर व ओटी असिस्टेंट की काफी कमी है। एक मात्र सर्जन रहने के कारण गंभीर मरीजों को रेफर किया जाता है। प्रसव कक्ष की स्थिति भी काफी दयनीय है। सिजेरियन की स्थिति में लोगों को प्राइवेट क्लीनिक का सहारा लेना पड़ता है। बीते तीन वर्षों से अल्ट्रासाउंड बंद है। सीटी स्कैन, एमआरआई तथा महत्वपूर्ण पैथोलॉजी यहां उपलब्ध नहीं है। वार्डों में शौचालय की व्यवस्था नारकीय बनी है। मरीजों के परिजनों के लिए ठहराव की व्यवस्था, पर्याप्त मात्रा में दवा व अन्य कई कमियां हैं। जिसे सुधार करने की आवश्यकता है। बताया कि अस्पताल में व्याप्त कमियों को दूर करने के लिए आगामी 13 मार्च को जिला कांग्रेस कमेटी सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना देंगे। निरीक्षण के क्रम में जय प्रकाश चौधरी, सूर्यनारायण यादव, नरेश मिश्र, संजीव यादव, अभय तिवारी, जियाउर रहमान, अबुल कैश, शत्रुघ्न चौधरी आदि मौजूद थे।