‘1140 करोड़ की योजनाएं एक माह में होंगी पूरी’
पीएचईडी मंत्री ने सर्किट हाउस में की प्रेसवार्ता
काेरोना वायरस को लेकर अस्पताल एवं पब्लिक ट्रांसपोर्ट को सेनिटाइज करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा। हालांकि यह मेरे मंत्रालय के अधीन नहीं है। लेकिन जनहित में सीएम से बात करेंगे। यह बातें सूबे के पीएचईडी मंत्री बिनोद नारायण झा ने शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में कही। वे पार्टी के कार्यक्रम से लौट कर प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोसी का इलाका आयरन प्रभावित क्षेत्र है। जब हमने घोषणा की थी कि लोगों को नल का जल के रूप में शुद्ध पेयजल देंगे तो लोगों को विश्वास नहीं हुआ था। लेकिन अब घोषणा के सच्चाई में तब्दील होने का समय आ गया है। सुपौल जिले में कुल 2529 वार्ड हैं। जिसमें से सात वार्ड बेचिरागी हो चुके हैं। इसमें से 2444 वार्ड में काम प्रारंभ हो चुका है। कुछ वार्ड ऐसे हैं, जहां तकनीकी खामियां हैं। शेष वार्डों में दोबारा टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। अभी तक कुल 57 वार्डों में योजना पूर्ण हो चुकी है और नल से जल मिलना प्रारंभ हो गया है।
पहले चरण में जिले के159 पंचायतों में एक-एक कुएं का कराया जाएगा सौंदर्यीकरण
प्रथम चरण में विभाग ने सुपौल जिले के 159 पंचायतों में एक-एक कुएं का चयन कर मॉडल के रूप में उसका सौंदर्यीकरण का काम करना प्रारंभ किया है। अब तक 22 कुएं का जीर्णोद्धार हो गया है। ये जीर्णोद्धार मुख्य रूप से पेयजल के एक और स्त्रोत के निर्माण का है। विभाग ने पूर्व में आ रही शिकायतों को देखते हुए एक ऑनलाइन मॉडल तैयार किया है। जिसमें मरम्मत की गई चापाकल की पूरी सूचना ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी। सुपौल जिले में कुल 17 हजार 188 सरकारी चापाकल हैं। इसमें से 16 हजार 809 चापाकलों का जियो टैगिंग कर लिया है। इसके अतिरिक्त जिले में पहले से 57 पुरानी योजनाएं चल रही है। इन 57 योजनाओं काे भी अगले एक माह पूरा कर लिया जाएगा। इस तरह सुपौल जिले में कुल 1140 करोड़ रुपए की योजनाएं चल रही हैं। मौके पर जिलाध्यक्ष रामकुमार राय, जिला प्रवक्ता सुमन कुमार चदं, भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रकाश झा, सुमन झा, सुरेश कुमार सुमन सहित अन्य मौजूद थे।
प्रेसवार्ता करते पीएचईडी मंत्री बिनोद नारायण झा व अन्य।