- Hindi News
- National
- Supaul News 52 Mm Rain Within 24 Hours Weather Will Be Clear From Tomorrow
24 घंटे के भीतर 5.2 मिलीमीटर बारिश, कल से मौसम रहेगा साफ
जिले में शुक्रवार की रात करीब सवा 10 बजे से शुरू हुई बारिश रूक-रूक कर लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। इससे शनिवार को भी दिनभर धूप नहीं निकली और ठंडी हवा चलती रही। इससे बीते दो दिनों के दाैरान अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार की सुबह 8.30 बजे से शनिवार की सुबह तक जिले में औसत 5.2 एमएम वर्षापात रिकॉर्ड की गई। जिससे जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जबकि तापमान में आई गिरावट से लोगों को शनिवार को दिन में भी ठंड का एहसास हुआ। शाम ढलते ही लोगों को एकबार फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। इस बारिश से किसानों को भी फसल के नुकसान की चिंता सताने लगी है। कई स्थानों पर तेज हवा के साथ हो रही बारिश के कारण खेत में लगी गेंहूू की फसल धराशायी हो गई है। इसके अलावा साग-सब्जी, आम, लीची व मक्का को भी नुकसान का भय किसानों को सताने लगा है। इस वर्ष आम के पेड़ों पर बीते वर्ष की अपेक्षा की काफी अधिक मंजर आया है। लेकिन अभी से मौसम की बेरुखी से किसान चिंतित हैं। तेजी से बदल रहे मौसम के कारण लोग तेजी से सर्दी, जुकाम एवं बुखार के शिकार हो रहे हैं। कोरोना वायरस को लेकर जारी चर्चाओं के बीच लोग परेशान दिख रहे हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2015 में मार्च महीने में सबसे अधिक 56.8 एमएम वर्षापात रिकॉर्ड गया था। जबकि बीते तीन वर्ष बाद मार्च महीने में इस वर्ष सबसे अधिक 5.2 एमएम वर्षापात दर्ज किया है।
कम तापमान व अधिक नमी से कोराेना संक्रमण के लिए अनुकूल, लेकिन परेशान न हों
सिविल सर्जन डॉ कृष्ण्मोहन प्रसाद ने बताया कि मिली जानकारी अनुसार अधिक तापमान में कोराेना वायरस अधिक प्रभावित नहीं करता है। मौसम थोड़ा ठंडा हो रहा है और नमी बढ़ रही है। इस तरह का मौसम कोराेना वायरस को बढ़ावा देता है। लेकिन राहत की बात यह है कि बिहार में कोरोना वायरस का कोई प्रभाव सामने नहीं आया है। बावजूद विभाग सतर्क है। सर्दी, खांसी एवं बुखार होती है तो डरने की कोई जरूरत नहीं है। सर्दी, खांसी एवं बुखार होने पर कोराना समझ कर डरना, गलत है। अभी सर्दी, खांसी और बुखार का अलग कारण है। जब कोई संक्रमण वाले क्षेत्र से आएगा और उसे सर्दी, खांसी-बुखार होगा, तब उसे संदिग्ध मान कर उसकी जांच कराई जाएगी।
आज बारिश होने की संभावना
सहरसा के अगवानपुर स्थित अनुसंधान केंद्र के कनीय कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. देवन कुमार चौधरी ने बताया कि वातावरण में मौजूद अधिक नमी व अचानक बढ़े तापमान से लोकल लेवल पर बने हवा के कम दबाव वाले क्षेत्र का असर कम हो रहा है। इससे रविवार तक हल्की बारिश होगी। लेकिन सोमवार से मौसम साफ होने की संभावना है।
शनिवार को अधिकतम 24 व न्यूनतम 18 डिग्री रहा पारा
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार जिले में रविवार काे भी एक एमएम बारिश की संभावना है। सोमवार से आसमान रहेगा। जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम 25.4 एवं न्यूनतम 19.6 डिग्री तथा शनिवार को जिले का अधिकतम 24 व न्यूनतम 18 तापमान रहा। रविवार को अधिकतम 26 व न्यूनतम 18, सोमवार को अधिकतम 29 व न्यूनतम 14, मंगलवार को अधिकतम 29 व न्यूनतम 16, बुधवार को अधिकतम 30 व न्यूनतम 16, गुरूवार को अधिकतम 30 व न्यूनतम 17 और शुक्रवार को अधिकतम 31 व न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने के आसार हैं।
स्थानीय स्तर पर बने लो प्रेशर का असर, 3 साल बाद मार्च महीने में ज्यादा बारिश, 2015 में 56.8 एमएम का रिकॉर्ड दर्ज
मार्च में अब तक वर्षापात
वर्ष अधि. न्यून. वर्षापात
2012 37.2 11.4 2.8
2013 36.2 12.7 3.8
2014 37.6 11.2 4.6
2015 36.1 10.6 56.8
2016 36 11.8 23.1
2017 32.2 13 22.9
2018 35.7 15.9 1.1
2019 34.4 11 3.6
सुपौल के डकही घाट में खेत में धराशायी अगात गेहूं की फसल।