निर्मली में गिरफ्तार युवक को ले जाती महिला थाने की पुलिस।
भास्कर न्यूज | निर्मली
थाना क्षेत्र के बेलासिंगारमोती गांव में एक आरोपी के घर में निर्मली व महिला थाना की पुलिस द्वारा रविवार को संयुक्त रूप से कुर्की जब्ती की कार्रवाई की गई। वहीं, कुर्की जब्ती की प्रक्रिया होने पर आरोपी ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। बहरहाल पुलिस अधिकारियों ने कुर्की की गई सामग्री परिजनों को वापस कर आरोपी संजीव कुमार पंडित को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार दहेज अधिनियम के तहत महिला थाना सुपौल में बेलासिंगारमोती गांव निवासी सहदेव पंडित के पुत्र संजीव के खिलाफ गत 18 अगस्त 2018 को कांड संख्या 23/18 दर्ज किया गया था। इसे लेकर महिला थाना की पुलिस रविवार को निर्मली पहुंची थी। लिहाजा निर्मली थानाध्यक्ष दीनानाथ मंडल के निर्देश पर निर्मली थाना से दो सेक्शन में 4 पुलिस पदाधिकारी क्रमशः एसआई राजेंद्र सिंह, सच्चिदानंद उपाध्याय, एएसआई संजय कुमार सिंह व जोगिंदर प्रसाद को दो पुलिस वाहन से कार्रवाई स्थल पर महिला थाने की पुलिस के साथ भेजा गया था। टीम में महिला थाना से एएसआई मो. कुद्दुस व अन्य पुलिस जवान शामिल थे। इधर, थानाध्यक्ष श्री मंडल ने बताया कि कुर्की की कार्रवाई के बाद आरोपी ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। बहरहाल परिजनों को सामान लौटा दिया गया। जबकि आरोपी को महिला थाना की पुलिस के हवाले कर दिया गया है।