- Hindi News
- National
- Supaul News Foundation Stone Of Rail Upper Bridge At Lohiyanagar Chowk In The City From 7707 Crore Will Be Ready In 24 Months
77.07 करोड़ से शहर के लोहियानगर चौक पर रेल ऊपरी पुल का शिलान्यास, 24 महीने में होगा तैयार
गरीबी खत्म करने के लिए रोजगार पैदा करने की है जरूरत: मंत्री
राष्ट्रीय राजमार्ग 327 ई के 194 किमी सुपौल, लोहियानगर चौक स्थित रेलवे ढाला 53 पर रेल ऊपरी पुल का शिलान्यास रविवार को ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारूण रशीद, सांसद दिलेश्वर कामैत, विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से किया। 77.07 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले आरओबी निर्माण कार्य 24 महीने में छत्तीसगढ़ बिलासपुर की कंपनी ब्रजेश अग्रवाल एंड कंपनी को बनाने का डेडलाइन दिया गया है। ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि गरीबी खत्म करने के लिए रोजगार पैदा करना पड़ता है। बिना रोजगार पैदा किए गरीबी खत्म नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि काम करने का जज्बा होना चाहिए। जो बादल गरजता है वह बरसता नहीं।
उन्होंने कहा कि मां बनने के लिए दर्द तो सहना पड़ेगा। जब कोई कार्य किया जाता है तो थोड़ी दिक्कतें होती है लेकिन काम आम लोगों के लिए किया जाता है। इसलिए थोड़ी परेशानी को नजर अंदाज करना ही होगा। उन्होंने कहा कि एक समय था जब कोसी में मात्र चार पुल हुआ करता था। आज समय बदला तो कोसी में पुल के जाल बिछा दिए गए। उन्होंने कहा कि सुपौल बिहार का पहला जिला है जहां 6 एनएच गुजरती है। विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारुण रशीद ने कहा कि नई दिशा और नई विकास को रास्ता दिखाने वाले ऊर्जा मंत्री ने जिले में दो आरओबी का शिलान्यास कर एक नई इबारत लिखी है। 1990 में ईश्वर ने सुपौल को एक ऐसा जनप्रतिनिधि दिया जाे अपने कार्यकाल में सिर्फ विकास को ही प्राथमिकता के तौर पर लेकर आगे बढ़ते रहे।
आरओबी निर्माण से शहरवासियों को जाम से मिलेगी मुक्ति
सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि काम करने की मंशा होनी चाहिए। काम करने वाले आश्वासन नहीं देते। विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने कहा कि आरओबी निर्माण हो जाने से हमें जाम से मुक्ति मिलेगी। अध्यक्षीय संबोधन करते डीएम महेंद्र कुमार ने कहा कि अाए दिन जाम की समस्या से कराह रहे जिला मुख्यालय के लोगों को आरओबी निर्माण से जाम से निजात मिलेगी। मौके पर एसपी मनोज कुमार, एनएचएआई के कार्यपालक अभियंता अरूण कुमार, सहायक अभियंता रूप नारायण शर्मा, सहायक अभियंता अभिषेक आनंद, जितेंद्र कुमार, कनीय अभियंता विश्वजीत प्रसाद यादव, शैलेंद्र कुमार, संवेदक सुदेश कुमार राय, राजेंद्र प्रसाद यादव, विजय पासवान, ओम प्रकाश यादव, जिलाध्यक्ष रामविलास कामत, जगदीश प्रसाद यादव, संजीव नयन गुप्ता, युगल किशोर अग्रवाल, अमर कुमार चौधरी, रामचन्द्र यादव, मो. मकसूद आलम, खुर्शीद आलम आदि मौजूद थे।
आरओबी और एप्रोच की लंबाई होगी 1417 मीटर
77.07 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति से लोहियानगर चौक पर बनने वाली आरओबी और एप्रोच की कुल लंबाई 1417 मीटर होगी। अंबेडकर चौक से कलेक्ट्रेट तक बनने वाली आरओबी की कुल लंबाई 790 मीटर एवं एप्रोच की कुल लंबाई 627 मीटर होगी। 10 स्पैन पर बनने वाले पुल को लेकर 7 स्पैन 24 मीटर का एवं 3 स्पैन 36 मीटर का होगा। टू लेन के आरओबी की चौड़ाई 14 मीटर होगी।
लोहियानगर चौक के रेलवे ढाला- 53 पर होगा आरओबी का निर्माण
लोहियानगर चौक के रेलवे ढाला 53 पर आरओबी निर्माण से शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। आए दिन शहर में जाम की समस्या से परेशान लोगों को अाए दिन जाम की समस्या के कारण घंटों जाम में फंसा रहना पड़ता है। जिस कारण कई परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन आरओबी निर्माण हो जाने के बाद लोगों को इन समस्या से मुक्ति मिलेगी।
सरायगढ़ में 883 मीटर के आरओबी की रखी आधारशिला
सरायगढ़ भपटियाही | राष्ट्रीय राजमार्ग 327 ए सड़क मार्ग में सरायगढ़ रेलवे क्रॉसिंग के समीप रेलवे ओवर ब्रिज का शिलान्यास रविवार को ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने किया। शिलान्यास समारोह स्थल पर कार्यकारी सभापति हारुन रशीद, मुख्य अतिथि सांसद दिलेश्वर कामैत, विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, डीएम महेंद्र कुमार एवं एसपी मनोज कुमार मौजूद थे। रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण को लेकर राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल मधेपुरा के कार्यपालक अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 327 ए किलोमीटर 24 वें सरायगढ़ रेलवे क्रॉसिंग के समीप बनने वाली रेलवे ओवरब्रिज का प्रशासनिक स्वीकृति राशि 50. 59 करोड रुपए है। जबकि पुल की लंबाई 328 मीटर, एप्रोच आरई 555 मीटर, कुल लंबाई एवं एप्रोच 883 मीटर है। अभियंता ने बताया कि कार्य अवधि 18 माह की है। कुल 5 स्पेन 42 मीटर का और तीन स्पेन 24 मीटर का है। इस रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण एएससी इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड नोएडा द्वारा किया जाना है। सभा को संबोधित करते सूबे के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि दो परियोजनाओं पर लगभग डेढ़ अरब रुपए की राशि खर्च की जानी है। विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने कहा कि पुल बनने से यातायात में सुविधा होगी। यह पुल डेढ़ वर्षों में तैयार किया जाएगा। मौके पर सहायक अभियंता रूप नारायण शर्मा, अभिषेक आनंद, जितेंद्र कामत, कनीय अभियंता विश्वजीत यादव, शैलेंद्र मंडल, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुरेश सिंह, विजय सिंह, राम नंदन मेहता, मोहन झा, अशोक यादव, शंभू प्रसाद सिंह, लाल बहादुर मेहता, ज्ञानदेव मेहता, अजय यादव, अरुण यादव, उपेंद्र शर्मा आदि मौजूद थे।
बिजेंद्र यादव बोले-काम करने का जज्बा होना चाहिए, सुपौल बिहार का पहला जिला जहां से 6 एनएच गुजरते हैं
लोहियानगर चौक पर आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम के मौके पर मौजूद जदयू कार्यकर्ता व शहरवासी।
सरायगढ़ में आरओबी निर्माण का फीता काट शिलान्यास करते मंत्री व अन्य।