- Hindi News
- National
- Triveniganj News Mla Raised The Matter Of Making Jadia A Block In The Assembly
विधायक ने विधानसभा में जदिया को प्रखंड बनाने का उठाया मामला
त्रिवेणीगंज की जदयू विधायक वीणा भारती ने जदिया को प्रखंड बनाने का मुद्दा विस में उठाया है। जिससे लोगों में एकबार फिर से आस जगी है। मालूम हो कि त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत जदिया पंचायत को प्रखंड का दर्जा देने को लेकर सत्ता के नुमाइंदों ने कई बार घोषणा की। लेकिन सभी घोषणाएं महज हवा-हवाई साबित हुई। सत्ताधारी दल की विधायक वीणा भारती ने शुक्रवार को विधानसभा में जदिया को प्रखंड बनाने को लेकर अपने तारांकित प्रश्न के जरिये सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने सदन को बताया कि जदिया थाना अंतर्गत पड़ने वाले अधिकांश पंचायत की दूरी त्रिवेणीगंज प्रखंड कार्यालय से 25 किलोमीटर से अधिक है। जबकि त्रिवेणीगंज प्रखंड में कुल 27 पंचायत हैं। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि आस-पास के पंचायतों को मिलाकर एक नया प्रखंड बनाने की दिशा में सरकार को पहल करने की जरूरत है। मालूम हो कि जदिया को प्रखंड बनाने का प्रस्ताव 2011 की जनगणना के आधार पर बनाया गया था। जिसमें मानगंज पूर्व, मानगंज पश्चिम, पिलुवाहा, कोरियापट्टी पूर्व, कोरियापट्टी पश्चिम, जदिया, बघेली, परसागढ़ी उत्तर, परसागढ़ी दक्षिण, नंदना सहित कुल 11 पंचायतों को मिलाकर कुल जनसंख्या 01 लाख 29 हजार 370 को आधार बनाया गया था। तत्कालीन बीडीओ द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में इसका उल्लेख किया गया था। जिसमें जिले का सबसे बड़ा प्रखंड बताते हुए प्रशासनिक दृष्टिकोण, कार्य की सुगमता एवं जनता की सुविधा के दृष्टिगत महत्वपूर्ण बताया गया था।
पंचायत समिति की बैठक में की गई थी अनुशंसा
19 जनवरी 2015 को तत्कालीन प्रखंड प्रमुख पार्वती देवी की अध्यक्षता में पंसस की बैठक में भी जदिया को प्रखंड बनाने का प्रस्ताव अनुशंसित किया गया था। जिसके आलोक में बीडीओ त्रिवेणीगंज ने नए प्रखंड के गठन के संबंध अनुरोध रिपोर्ट विहित प्रपत्र के साथ अग्रसारित किया था। एसडीएम विनय कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व में भी जिला से प्राप्त निर्देश के आलोक में 19 जनवरी 2015 को प्रखंड स्तर पर आहूत बैठक में अनुमंडल त्रिवेणीगंज अंतर्गत जदिया के प्रखंड सृजन से संबंधित प्रस्ताव विहित प्रपत्र में तैयार कर जिला कार्यालय को भेजा गया है। एसडीएम द्वारा अपने पत्रांक 1402 -2 दिनांक 9.03.20 द्वारा विधायक के तारांकित प्रश्न के आलोक में पुनः नए प्रखंड सृजन से संबंधित प्रस्ताव अवलोकनार्थ भेजा गया है।