फाग के गीतों पर झूमे लोग, एक-दूसरे को लगाया गुलाल
होली के मौके पर मंगलवार को शहर में विभिन्न जगहों पर होली मिलन समारोह में फाग के गीतों पर लोग खूब झूमे। इस दौराना एक दूसरे को गुलाल लगा रंगोत्सव की बधाई दी। मौके पर वार्ड पार्षद अनोज कुमार आर्य उर्फ लव यादव व अशोक पासवान के आवासीय परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जहां काफी संख्या में दोनों वार्ड के लोग और शहर के प्रबुद्धजन शामिल हुए। लव यादव के आवासीय परिसर में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान डॉ. अर्जुन यादव, कुश यादव, विनोद यादव आदि और वार्ड पार्षद अशोक पासवान के आवासीय परिसर में आयोजित होली मिलन समारोह में पूर्व नप चेयरमेन जगदीश यादव, ई. अमरेंद्र कुमार, लोजपा नेता विजय पासवान, अजय कुमार सिंह, अजय नंदन चौधरी, चंदन पासवान समेत दर्जनों की संख्या में लोग शामिल हुए।
राघोपुर| प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को रंगों का पर्व होली हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। होली को लेकर लोग कई दिनों पूर्व से ही तैयारी कर रहे थे। मंगलवार को होली होने के कारण मांस-मछली की बिक्री अपेक्षाकृत काफी कम देखी गई। लेकिन शराबबंदी के बावजूद होली के दौरान कई लोग शराब के नशे में टल्ली देखे गए। प्रखंड क्षेत्र में गांव से बाजार तक चोरी छिपे शराब की खूब बिक्री हुई। हालांकि इस पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर थी। होली पर दिनभर लोग एक दूसरे को रंग-अबीर लगाकर बधाई देते रहे। इस वर्ष होली पर अधिकांश लोेग रंग को छोड़ गुलाल से होली का आनंद लेते देखे गए। होली को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन द्वारा भी पूर्व से तैयारी की गई थी।
वीरपुर में न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों ने मनाई होली
बसन्तपुर| अनुमंडल मुख्यालय वीरपुर में पदस्थापित न्यायिक अधिकारी व प्रशासनिक अधिकारियों ने मंगलवार को होली मना कर लोगों के बीच शांति का संदेश दिया। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय वीरपुर लाल बहादुर प्रसाद, न्यायिक दंडाधिकारी वीरपुर विभूति भूषण, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण अधिकारी वीरपुर नवीन कुमार, उपकारा अधीक्षक वीरपुर राजीव कुमार, अंचल पदाधिकारी बसंतपुर विद्यानंद झा ने कोर्ट कालोनी परिसर वीरपुर में परिवार के साथ एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली मनाया। मौके पर अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय श्री प्रसाद ने होली की बधाई देते हुए कहा कि होली प्रेम, सद्भावना, आपसी भाईचारे के साथ शांति का संदेश देता है।
होली पर लोगों ने पुए का उठाया आनंद, शाम को लिया आशीर्वाद
त्रिवेणीगंज| शांतिपूर्ण एवं सद्भावना पूर्ण माहौल में मंगलवार को रंगों का त्यौहार होली अनुमंडल मुख्यालय में उत्साह के साथ मनाया गया। होली पर सुबह से ही लोगों ने जमकर रंगों से होली खेली। वहीं दोपहर बाद जमकर अबीर-गुलाल भी उड़ाया। अधिकतर लोगों ने अपने दोस्तों एवं संबंधियों के घर जाकर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। दूसरी ओर सामाजिक सद्भाव के साथ होली को संपन्न कराने को लेकर अनुमंडल प्रशासन की ओर से चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि पूर्व में चिन्हित स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। होली पर लोगों ने घरों में बने पकवान अपने सगे संबंधियों एवं मित्रों को खिलाए। होली के अवसर पर लोगों ने पुआ, पूरी का खूब लुप्त उठाया एवं काबुली चने से बने छोला विशेष रूप से परोसा गया। होली खेलने का दौर देर शाम तक चलता रहा।
अनुमंडल क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से होली संपन्न, लोगों ने उड़ाए गुलाल
वीरपुर|अनुमंडल मुख्यालय, नगर पंचायत सहित आस-पास के क्षेत्रों में मंगलवार को शांतिपूर्ण माहौल में होली मनाई गई। जहां लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। बसंतपुर प्रखंड के बनैलीपट्टी, परमानंदपुर, कोचगामा, बलभद्रपुर, कुशहर, बिशनपुर शिवराम, हृदयनगर नगर, संस्कृत निर्मली, दिनबंधी, रतनपुर, सातेनपट्टी, भगवानपुर, बसंतपुर, भीमनगर और वीरपुर नगर पंचायत में दोनों ही समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। होली के दौरान पुलिस चौकस दिखाई दी। वीरपुर नगर पंचायत और थाना क्षेत्र में पुलिस पूरे दिन गश्त करते दिखाई दी। वहीं सीमावर्ती भीमनगर क्षेत्र के विभिन्न चौराहों पर पुलिस गस्ती करती रही। बलभद्रपुर पंचायत में ढोल मजीरा के साथ जोगीरा गाते हुए लोगों ने होली के उमंग को दोगुना कर दिया।
राजस्थानी परिधान में सजी मारवाड़ी समाज की महिलाएं
सुपौल| बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन सुपौल सह श्री श्याम परिवार सुपौल के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार की रात 8:30 बजे शहर के गांधी मैदान में होलिका दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें भारी संख्या में शहर के महिला, पुरुष व बच्चों ने भाग लिया। होलिका दहन में मारवाड़ी समाज के प्रत्येक घरों से लाए गए गोबर के उपलों को करीने से सजा कर पूरे विधि-विधान पूर्वक अग्नि प्रज्वलित किया गया। जिसका चार नव विवाहिता कन्याओं ने परिक्रमा कर अगले सोलह दिनों तक शिव पार्वती के प्रतिमा बनाकर पूजन का संकल्प लिया। इस पूजा को गणगौर पूजा भी कहा जाता है, जो राजस्थान का एक प्रमुख पूजा और त्योहार भी माना जाता है। जिसमें होली से सात दिन पूर्व से ही राजस्थान संस्कृति की सेवा की छटा बिखेरती उत्साही युवा की टोली ढप बजाकर शहर की परिक्रमा कर लोक गीतों से शहर को गुलजार करती है। आयोजन समिति द्वारा उसी शहर के राधा कृष्ण ठाकुरबाड़ी परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन भी किया गया। जिसमें काफी संख्या में मारवाड़ी समाज के लोगोें ने हिस्सा लिया। मौके पर मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष प्रवन अग्रवाल, दामोदर अग्रवाल, रमेश मिश्र, प्रीतम अग्रवाल, मोंटी अग्रवाल, नीरज अग्रवाल आदि शामिल थे। ढप कार्यक्रम में हंसराज बुन्चा, दीपक अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, रवि जैन, जीतेंद्र जैन, राजेश बोथरा, बीरवल शर्मा, अशोक शर्मा आदि मौजूद थे।
जिले के वीरपुर में होली पर जोगीरा गाते युवक और गुलाल उड़ाते स्थानीय लोग।
बसंतपुर में होली खेलने के बाद जुटे अधिकारियों के परिजन।
सुपौल के गांधी मैदान में सोमवार को होली दहन कार्यक्रम में उपस्थित मारवाड़ी समाज की महिलाएं।
निर्मली नगर के पंसारी परिसर में मंगलवार को होली में अबीर-गुलाल लगा फाग के गीतों पर झूमते जदयू नेता व अन्य।