- Hindi News
- National
- Pratapganj News Roomkeeper Investigating The Woman Said Moic Has Given Order
महिला की जांच कर रहे कक्षसेवक ने कहा- एमओआईसी ने दिया है आदेश
प्रतापगंज पीएचसी कक्ष सेवक के भरोसे चल रहा है। जहां कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर राज्य सरकार ने स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों को हाई अलर्ट पर रखा है। वहीं प्रतापगंज पीएचसी में दोपहर 2 बजे के बाद डॉक्टर अपनी ड्यूटी से नदारद रहते हैं। शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे प्रखंड उप प्रमुख संतोष कुमार ने पीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देखा कि गोविंदपुर पंचायत के भेड़वा निवासी मंजू देवी दस्त, उल्टी और बुखार से पीड़ित होकर इलाज कराने के लिए पीएचसी प्रतापगंज आई थी। लेकिन डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण कक्ष सेवक द्वारा मरीज की जांच की जा रही थी।
उप प्रमुख श्री कुमार ने कक्ष सेवक से पूछा आप किसके आदेश पर मरीज की जांच कर रहे हैं तो कक्ष सेवक ने बताया कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को फोन कर सूचना दी है। उन्होंने कहा कि जांच कर लो। वहीं डॉ सुरेंद्र मंडल के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का कारण जब अस्पताल प्रबंधक विवेक रंजन से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इसकी सूचना प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ हरेंद्र साहू को दी गई है। यह टेक्निकल मामला है। इस विषय में कुछ नहीं कह पाऊंगा। उपप्रमुख श्री कुमार ने जब प्रभारी डॉ साहू को फोन लगाया तो कई बार रिंग होने के बावजूद उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। उप प्रमुख श्री कुमार ने बताया कि प्रभारी डॉ हरेंद्र साहू पीएचसी में ड्यूटी करने के बाद अपने निजी आवास सिमराही में ही रहते हैं। जबकि कोरोना वायरस के कारण नेपाल से सटे जिले के पीएचसी में डॉक्टरों की उपस्थिति 24 घंटे रहनी चाहिए। डॉक्टर और प्रभारी के पीएचसी से अनुपस्थित रहने के कारण स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। वही इस बाबत प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ हरेंद्र साहू ने कहा कि हमारे यहां ड्रेसर या कंपाउंडर नहीं है। इसके कारण ड्रेसर और कंपाउंडर का काम कक्ष सेवक से ही लेते हैं।
प्रतापगंज पीएचसी में महिला की जांच करता कक्षसेवक।