फिर बदली अक्षय कुमार की 'सूर्यवंशी' की रिलीज डेट, मुंबई के सिनेमाघरों में 24 घंटे देखी जा सकेगी फिल्म

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • 27 की जगह अब 24 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी 'सूर्यवंशी'
  • अक्षय के अलावा अजय देवगन, रणवीर सिंह भी फिल्म में दिखेंगे

बॉलीवुड डेस्क.  अक्षय कुमार स्टारर 'सूर्यवंशी' की रिलीज डेट एक बार फिर बदल दी गई है। अब यह फिल्म तीन दिन पहले यानी 24 मार्च की शाम से सिनेमाघरों में देखी जा सकेगी। खास बात यह है कि 'सूर्यवंशी' ऐसी पहली बॉलीवुड फिल्म भी होगी, जिसे रिलीज के बाद मुंबई में 24 घंटे में कभी भी देखा जा सकेगा। अक्षय कुमार ने यह घोषणा ट्विटर पर एक वीडियो के जरिए की है। 

अक्षय ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "अपराध का कोई समय नहीं है। आ रही है पुलिस। सूर्यवंशी दुनियाभर में 24 मार्च को रिलीज होगी।" वीडियो में यह ऐलान किया गया है कि 24 मार्च से मुंबई के सभी सिनेमाघर 24x7 खुले रहेंगे।

गुड़ी पड़वा की छुट्टी को भुनाने की कोशिश
25 मार्च को गुड़ी पडवा की छुट्टी है। इसी को ध्यान में रखते हुए टीम सूर्यवंशी ने फिल्म 24 मार्च की शाम को रिलीज करने का फैसला लिया है। गौरतलब है कि सबसे पहले ईद 2020 पर इस फिल्म को रिलीज करने की प्लानिंग थी। लेकिन सलमान खान की फिल्म के साथ क्लैश से बचने के लिए इसे दो महीने पहले 27 मार्च पर शिफ्ट कर दिया गया था। अब इसे इससे भी तीन दिन पहले रिलीज किया जा रहा है। 

रोहित शेट्टी की कॉप ड्रामा
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी 'सूर्यवंशी' उनके कॉप जॉनर की नई प्रस्तुति है। 'सिंघम' (फ्रेंचाइजी) में अजय देवगन और 'सिम्बा' में  रणवीर सिंह को पुलिस ऑफिसर के रोल में पेश करने के बाद उन्होंने अब अक्षय कुमार पर दांव खेला है। 'सूर्यवंशी' में अक्षय के अलावा अजय और रणवीर भी दिखाई देंगे। कटरीना कैफ इस फिल्म में अक्षय के अपोजिट नजर आएंगी।