पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

फिल्म इंडस्ट्री में उथल-पुथल, कुछ फिल्मों की शूटिंग बंद तो कुछ की बदली जा रही रिलीज डेट

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बॉलीवुड डेस्क. देश में बढ़ते कोरोनावायरस के मामलों को देखते हुए सरकार ने कई राज्यों के सिनेमाघरों और स्कूलों को बंद कर दिया है। ऐसे में कई अपकमिंग फिल्मों की रिलीज डेट को बदल दिया गया है। दूसरी ओर कोरोनावायरस से बचने के लिए ‘ब्रह्मास्त्र’, 'जर्सी' और ‘भूल भुलैया 2’ फिल्मों के शूटिंग शेड्यूल में भी बदलाव कर दिया गया है।

'ब्रह्मास्त्र' फिल्म के शेड्यूल में बदलाव
फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ का अगला शूटिंग शेड्यूल जल्द ही मुंबई में शुरू होने वाला था। देश के मौजूदा हालात को देखते हुए मेकर्स ने इसे आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बन रही मल्टीस्टारर फिल्म को पहले दिसम्बर 2019 में रिलीज किया जाना था मगर वीएफएक्स और सीन करेक्शन के चलते इसे दिसम्बर 2020 तक पोस्टपोन कर दिया गया था। फिल्म की शूटिंग पूरी ना हो पाने के चलते इसकी रिलीज डेट को फिर आगे किया जा सकता है।

अचानक बंद हुई फिल्म की शूटिंग
कार्तिक आर्यन, कियारा आडवाणी और तब्बू स्टारर फिल्म ‘भूल भुलैया 2’ का सेट इन दिनों लखनऊ में लगा हुआ है। स्पॉटब्वॉय की एक रिपोर्ट के अनुसार सेट में मौजूद एक व्यक्ति कोरोनावायरस का पोजिटिव मरीज पाया गया है, जिससे तुरंत ही शूटिंग रोक दी गई है। हालांकि फिल्म के एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर नीरज कोठारी ने इस बात से इनकार कर दिया है। उनका कहना है, ‘हमने ये अफवाह सुनी है मगर हमारे सेट में सब ठीक है। यूपी को 22 मार्च तक बंद कर दिया गया है जिससे शूटिंग को बीच में ही रोकना पड़ा है’। 

'जर्सी' की रोकनी पड़ी शूटिंग
हाल ही में फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने ट्वीट करके बताया है कि फिल्म 'जर्सी' की शूटिंग को अचानक रोक दिया गया है। उन्होंने लिखा, 'कोरोनावायरस से बचाव के लिए शाहिद कपूर स्टारर फिल्म जर्सी की शूटिंग रोक दी गई है। इससे टीम अपने परिवार के साथ सुरक्षित रह सकेगी'। फिल्म की शूटिंग लंबे समय से चंडीगढ़ में चल रही थी लेकिन शूटिंग रुकने से सभी शनिवार को वापस मुंबई लौट आए हैं।

‘संदीप और पिंकी फरार’ नहीं होगी 20 मार्च को रिलीज
अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा स्टारर फिल्म ‘संदीप और पिंकी फरार’ 20 मार्च को रिलीज की जाने वाली थी मगर कई राज्यों के सिनेमाघर बंद होने के कारण इसकी रिलीज डेट बदल दी गई है। इस बात की जानकारी यश राज फिल्म के इंस्टाग्राम अकाउंट से दी गई है। 

इन फिल्मों की जारी है शूटिंग

'शेरनी' और 'दुर्गावती': विद्या बालन की फिल्म ‘शेरनी’, भूमि पेडनेकर की फिल्म ‘दुर्गावती’ की शूटिंग इन दिनों मध्यप्रदेश में चल रही है। कोरोनावायरस का कहर होने के बावजूद मेकर्स ने फिल्म की शूटिंग जारी रखने का फैसला किया है। मध्यप्रदेश में कोरोनावायरस का एक भी मामला सामने नहीं आया है इसके बावजूद टीम को वायरस से बचाने के लिए मेकर्स हर जरुरी सावधानी बरत रहे हैं।

मुंबई सागा: जॉन अब्राहम की फिल्म ‘मुंबई सागा’ की शूटिंग अपने आखिरी चरण पर है। सेट पर कई डॉक्टर्स मौजूद हैं जो रोजाना टीम की जांच करते हैं। जरुरी सावधानियों के साथ फिल्म की शूटिंग जारी है।

राधे: सलमान खान की फिल्म 'राधे' की शूटिंग मुंबई में चल रही है। इस फिल्म को सलमान खान सही समय पर रिलीज करना चाहते हैं इसलिए शूटिंग को जारी रखा गया है।

लाल सिंह चड्ढा: करीना कपूर और आमिर खान स्टारर फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' का दूसरा शेड्यूल पंजाब में रखा गया है जिसके लिए गुरुवार को टीम पंजाब रवाना हो चुकी है। बताया जा रहा है कि अमृतसर में चल रही शूटिंग को बंद नहीं किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...