अमेरिका के हिंडेनबर्ग रिसर्च एलएलसी (Hindenburg Research LLC) की एक रिपोर्ट सामने आने के बाद से अडाणी ग्रुप को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, हिंडनबर्ग रिसर्च ने बुधवार को अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि अडाणी ग्रुप की सभी 7 प्रमुख लिस्टेड कंपनियों पर काफी ज्यादा कर्ज है। इसके साथ ही हिंडनबर्ग ने ग्रुप की सभी कंपनियों के शेयरों को 85% से ज्यादा ओवरवैल्यूड भी बताया।
अडाणी ग्रुप पर मार्केट मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप
इतना ही नहीं फॉरेंसिक फाइनेशियल रिसर्च फर्म हिंडेनबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में अडाणी ग्रुप पर कई दशकों से मार्केट मैनिपुलेशन, अकाउंटिंग फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग करने का भी आरोप लगाया है। शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग ने कहा कि वो यूएस-ट्रेडेड बांड और नॉन इंडियन ट्रेडेड डेरिवेटिव इंस्ट्रूमेंट्स के जरिए अडाणी ग्रुप के शेयरों में शॉर्ट पोजीशंस रखेगी। साथ ही अपनी रिपोर्ट में हिंडनबर्ग ने अडाणी ग्रुप के कर्ज पर चिंता भी जताई।
रिपोर्ट से अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में आई भारी गिरावट
फर्म की इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद अडाणी ग्रुप की सभी लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली। बुधवार को अडाणी ट्रांसमिशन 8.08%, अडाणी पोर्ट्स 6.13%, अडाणी विल्मर 4.99%, अडाणी पावर 4.95%, अडाणी टोटल गैस 3.90%, अडाणी ग्रीन एनर्जी 2.34% और अडानी इंटरप्राइजेज 1.07% गिरकर बंद हुआ। अडाणी ग्रुप द्वारा हाल ही में खरीदी कंपनियों अंबुजा सीमेंट 6.96%, ACC 7.14% और NDTV का शेयर 5.00% गिरा।
अडाणी को एक दिन में हुआ 48,600 करोड़ रुपए का नुकसान
रिपोर्ट के कारण गौतम अडाणी की एक दिन में लगभग 5% नेटवर्थ कम हो गई है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, अडाणी को एक दिन में लगभग 6 बिलियन डॉलर यानी लगभग 48,600 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इसके साथ ही अडाणी की टोटल नेटवर्थ अब 113 बिलियन डॉलर यानी 9.20 लाख करोड़ रुपए करोड़ रुपए रह गई है।
अडाणी ग्रुप के CFO जुगशिंदर सिंह ने आरोपों को बताया बकवास
हालांकि, अडाणी ग्रुप के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) जुगशिंदर सिंह ने इस रिपोर्ट को बकवास बताया है। उन्होंने रिपोर्ट को फैक्टलेस बताते हुए कहा कि जो आरोप लगाए गए हैं, वे बेबुनियाद हैं। यह रिपोर्ट दुर्भावना से प्रेरित है। हिंडनबर्ग रिसर्च ने हमसे संपर्क करने या मैट्रिक्स को वेरीफाई करने की कोशिश नहीं की। यह रिपोर्ट गलत सूचनाओं से भरी है।
अपकमिंग FPO को नुकसान पहुंचाने के लिए रिपोर्ट को पब्लिश किया
सिंह ने कहा कि रिपोर्ट को निराधार और बदनाम करने वाले तथ्यों को मिलाकर बनाया गया है, जिन्हें भारत की सर्वोच्च अदालत की ओर से भी खारिज कर दिया गया था। उन्होंने कहा, 'इस रिपोर्ट को पब्लिश करने का समय सोच-समझकर चुना गया है।'
जुगशिंदर सिंह ने कहा, 'अडाणी एंटरप्राइजेज के अपकमिंग फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफरिंग (FPO) को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से इस रिपोर्ट को पब्लिश किया गया है। यह अडाणी ग्रुप की इमेज को नुकसान पहुंचाने के दुर्भावनापूर्ण इरादे से किया गया है।' अडाणी एंटरप्राइजेज का 20 हजार करोड़ रुपए का FPO 27 जनवरी 2023 को आ रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.