अडाणी ग्रुप अंबुजा सीमेंट में 4.5% हिस्सेदारी बेच सकता है। इससे 450 मिलियन डॉलर यानी करीब 3,700 करोड़ रुपए मिलेंगे। इस रकम का इस्तेमाल अडाणी ग्रुप अपना कर्ज उतारने में कर सकता है। शेयरों को अगले हफ्ते सेकंडरी मार्केट में ऑफलोड करने की संभावना है।
अंबुजा में अडाणी ग्रुप की 63.2% हिस्सेदारी
अडाणी ग्रुप ने पिछले साल सितंबर में अंबुजा सीमेंट और एसीसी में होल्सिम ग्रुप की पूरी हिस्सेदारी खरीद ली थी। यह सौदा अडानी ग्रुप ने 10.5 अरब डॉलर में किया था। होल्सिम ने अंबुजा सीमेंट में अपनी 63.19% और ACC में 54.53% हिस्सेदारी बेची थी।
कर्ज चुकाकर निवेशकों का भरोसा जीतने की कोशिश
निवेशकों का भरोसा फिर से हासिल करने के लिए ग्रुप अब लगातार कर्ज को कम कर रहा है। दरअसल, 24 जनवरी को अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद से अडाणी ग्रुप के शेयरों में काफी गिरावट आई है। हिंडनबर्ग ने अडाणी ग्रुप की कंपनियों पर स्टॉक मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाया था।
अडाणी ग्रुप ने 7374 करोड़ रुपए का शेयर-बैक्ड लोन चुकाया
अडाणी ग्रुप ने 7374 करोड़ रुपए का शेयर-बैक्ड लोन समय से पहले चुका दिया है। मंगलवार को ग्रुप ने इसकी जानकारी दी थी। अडाणी ग्रुप अपनी क्रेडिट प्रोफाइल से जुड़ी चिंताओं को कम कर निवेशकों का भरोसा फिर से जीतने की कोशिश कर रहा है।
ग्रुप ने कहा, अडाणी एंटरप्राइजेज के प्रमोटर 3.1 करोड़ शेयर या 4% हिस्सेदारी रिलीज करेंगे, जबकि अडाणी पोर्ट्स के प्रमोटर 15.5 करोड़ शेयर या 11.8% हिस्सेदारी रिलीज करेंगे। अडाणी ग्रीन एनर्जी और अडाणी ट्रांसमिशन के प्रमोटर 1.2% और 4.5% हिस्सेदारी रिलीज करेंगे। इससे पहले फरवरी में ग्रुप ने 1.11 अरब डॉलर का लोन प्री-पेड किया था।
शुक्रवार को अडाणी ग्रुप के 10 में से 5 शेयरों में गिरावट
10 मार्च को अडाणी ग्रुप के 10 में से 5 शेयरों में तेजी देखने को मिली। अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 3% से ज्यादा टूटा। NDTV 5.00%, अडाणी विल्मर 4.93%, अंबुजा सीमेंट 1.74% और ACC 0.81% गिरा। अडाणी पोर्ट्स में 0.25% की तेजी रही। अडाणी ट्रांसमिशन, पावर, टोटल गैस और ग्रीन एनर्जी के शेयरों में 5-5% की तेजी देखने को मिली।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.