भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन, यानी सोमवार (30 जनवरी) को तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 169 अंकों की तेजी के साथ 59,500 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 44 अंकों की तेजी के साथ 17,648 के स्तर पर पहुंच गया है।
अडाणी ग्रुप के शेयरों में मिला-जुला रुख
अडाणी ग्रुप के 7 स्टॉक में मिला-जुला रुख देखने को मिला। अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 3.93% चढ़कर बंद हुआ। वहीं अडाणी टोटल गैस में 20% की गिरावट रही। ACC, अडाणी पोर्ट, अंबुजा सीमेंट के स्टॉक में भी तेजी देखने को मिली। अडाणी ग्रीन एनर्जी 20.00%, पावर 5.00%, ट्रांसमिशन 15.23% और विल्मर 5.00% गिरा है।
बीते हफ्ते अडाणी ग्रुप को लेकर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से इसके शेयरों में 20-25% की गिरावट देखने को मिली थी। अडाणी ग्रुप की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज शुक्रवार को अपना 20,000 करोड़ FPO यानी फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर लेकर आई है। लेकिन हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के कारण ये अब तक काफी कम सब्सक्राइब हुआ है।
बजाजा फाइनेंस-अडाणी एंटरप्राइजेज टॉप गेनर
बजाज फाइनेंस, अडाणी एंटरप्राइजेज, अल्ट्रा टेक सीमेंट, बजाजा फिनसर्व, एशियन पेंट्स, HCL टेक और NTPC समेत निफ्टी-50 के 29 शेयरों में तेजी रही। वहीं पावर ग्रिड, बजाज ऑटो, इंडसइंड बैंक, LT, JSW स्टील, ONGC, टाटा स्टील और हिंडाल्को समेत निफ्टी 21 शेयरों में गिरावट रही।
IT सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.10% की तेजी रही
NSE के 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 5 में तेजी देखने को मिली। IT सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.10% की तेजी रही। बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, PSU बैंक और प्राइवेट बैंक सेक्टर में भी मामूली तेजी देखने को मिली। वहीं ऑटो, FMCG, मीडिया, मेटल, फार्मा और रियल्टी सेक्टर में गिरावट रही।
इन कंपनियों के क्वार्टरली रिजल्ट
टेक महिंद्रा, कोल इंडिया, बजाज फिनसर्व, लार्सन एंड टुब्रो (L&T), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), भारत पेट्रोलियम, BPCL, एक्साइड और लौरस लैब्स के आज क्वार्टरली रिजल्ट आने वाले हैं। वेदांत और बजाज फाइनेंस ने पिछले हफ्ते बाजार बंद होने के बाद अपने रिजल्ट घोषित किए थे। इन शेयरों में भी आज बड़ी हलचल दिखी।
एक्सपर्ट की राय
स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड के रिसर्च हेड संतोष मीणा ने कहा, 'तकनीकी रूप से, निफ्टी ने 18200–17800 के अपने एक महीने के दायरे को तोड़ दिया है, जो एक अच्छा संकेत नहीं है; हालांकि, 17425 एक तत्काल सपोर्ट है, जबकि 17300 का 200-डीएमए एक क्रिटिकल सपोर्ट है। ऊपर की तरफ, 18000 एक क्रिटिकल बैरियर है, और 18200 एक मेजर हर्डल।'
शुक्रवार को सेंसेक्स 874 अंक टूटा था
शेयर बाजार में पिछले हफ्ते के पांचवें और आखिरी कारोबारी दिन, यानी शुक्रवार (27 जनवरी) को भारी गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 874 अंक से ज्यादा गिरकर 59,330 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 287 अंकों की गिरावट के साथ 17,575 पर आ गया था।
अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
शुक्रवार को अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली थी। अडाणी ट्रांसमिशन, अडाणी टोटल गैस और अडाणी ग्रीन एनर्जी में 20-20% की गिरावट रही। अडानी इंटरप्राइजेज 18.31%, अडाणी पोर्ट्स 15.24%, अडाणी विल्मर और अडाणी पावर 5-5% गिरा। अडाणी ग्रुप द्वारा हाल ही में खरीदी गई कंपनियों अंबुजा सीमेंट 16.67%, ACC 12.27% और NDTV का शेयर 4.99% गिरा है।
हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर अडानी ग्रुप का 413 पन्नों का जवाब
गौतम अडानी ग्रुप ने हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट को भारत पर सोची-समझी साजिश के तहत हमला बताया है। ग्रुप ने 413 पन्नों का जवाब जारी किया है, जिसमें लिखा है कि अडाणी समूह पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। ग्रुप ने यह भी कहा कि इस रिपोर्ट का असल मकसद अमेरिकी कंपनियों के आर्थिक फायदे के लिए नया बाजार तैयार करना है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.