पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Business
  • Bandhan Yes Bank Investment | Bandhan Bank Investment In Rana Kapoor Yes Bank Latest Today News Updates Over Yes Bank Crisis

यस बैंक में 300 करोड़ रुपए का निवेश करेगा बंधन बैंक, खरीदेगा 30 करोड़ शेयर

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • यस बैंक के ग्राहकों को बुधवार शाम 6 बजे से निकासी की छूट मिल सकती है
  • आईसीआईसीआई, एचडीएफसी, एक्सिस और कोटक महिंद्रा बैंक ने निवेश की घोषणा की है

बिजनेस डेस्क. निजी क्षेत्र के बंधन बैंक ने संकट में फंसे यस बैंक में रिजर्व बैंक की पुनर्गठन योजना के तहत 300 करोड़ रुपए का निवेश करने की घोषणा की है। बंधन बैंक ने शुक्रवार देर रात शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने यस बैंक के दो रुपए प्रत्येक के 30 करोड़ शेयर आठ रुपए प्रति शेयर के प्रीमियम पर खरीदने की मंजूरी दे दी है। इस तरह बंधन बैंक द्वारा यस बैंक में 300 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा।

एसबीआई यस बैंक में 7250 करोड़ रुपए का निवेश करेगा
आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी लि., एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक ने भी शुक्रवार को यस बैंक में निवेश के लिए एसबीआई की अगुवाई वाले गठजोड़ में शामिल होने की घोषणा की थी। आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी दोनों यस बैंक में एक-एक हजार करोड़ रुपए का निवेश करेंगे। एक्सिस बैंक 600 करोड़ रुपए और कोटक महिंद्रा बैंक 500 करोड़ रुपए का निवेश करेगा। इससे पहले एसबीआई ने बृहस्पतिवार को यस बैंक में 7,250 करोड़ रुपए का निवेश करने की घोषणा की थी। यह उसके द्वारा 49 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए पहले की गई 2,450 करोड़ रुपए की निवेश की घोषणा से कहीं अधिक है।

बुधवार शाम से हट सकता है निकासी पर लगा प्रतिबंध
बता दें कि सरकार ने यस बैंक लिमिटेड के पुनर्गठन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। इस अधिसूचना के जारी होने के बाद यस बैंक के ग्राहकों को बुधवार शाम 6 बजे से निकासी की छूट मिल सकती है। बैंककारी विनियमन अधिनियम 1949 के तहत यह अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना के अनुसार बैंक के लिए नए निदेशक मंडल का गठन किया गया है। भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व मुख्य वित्त अधिकारी एवं उप प्रबंधन निदेशक प्रशांत कुमार को पुनर्गठित यस बैंक का मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

एसबीआई ने 7250 करोड़ रुपए में खरीदी 49 फीसदी हिस्सेदारी
यस बैंक को संकट से निकालने के लिए एसबीआई ने 7250 करोड़ रुपए में इस बैंक में 49 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। एसबीआई ने यह हिस्सेदारी 10 रुपए प्रति शेयर की दर से खरीदी है। इसके अलावा निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक आईसीआईसीआई बैंक ने भी यस बैंक में 10 रुपए प्रति शेयर की दर से 1000 करोड़ रुपए के निवेश का ऐलान किया है। इस निवेश के साथ आईसीआईसीआई बैंक की यस बैंक में 5 फीसदी हिस्सेदारी हो जाएगी।

खबरें और भी हैं...