अगले एक साल में निजी सेक्टर के बैंक के शेयर्स 44% तक का मुनाफा दे सकते हैं। इसमें टॉप के बैंक की बात करें तो इंडसइंड बैंक, ICICI बैंक, एक्सिस बैंक, HDFC बैंक शामिल हैं।
19 अक्टूबर के बाद से बाजार में गिरावट
दरअसल 19 अक्टूबर के बाद से बाजार में अच्छी खासी गिरावट है। इस वजह से बैंकिंग शेयर्स की भी पिटाई हुई है। कई सारे स्टॉक एक महीने में 10-30% तक नीचे आ गए हैं। पिछले कुछ सालों में ICICI बैंक सबसे पसंदीदा बैंक बनकर उभरा है। इसने ब्रोकरेज हाउसों की रेटिंग में HDFC बैंक को पीछे छोड़ दिया है। इसमें विश्लेषक 54% की तेजी देख रहे हैं।
CLSA का अनुमान
विदेशी ब्रोकरेज हाउस CLSA ने अनुमान लगाया है कि ICICI बैंक डिजिटल मोर्चे पर तेजी से काम कर रहा है। इसका फायदा इसे मिलेगा। इसकी कमाई और इनकम दोनों पिछली तिमाहियों में अच्छी रही। इसलिए इसके शेयर का अगला लक्ष्य 1,100 रुपए है। अभी यह 734 रुपए पर है। अक्टूबर में यह 859 रुपए तक चला गया था।
HDFC बैंक का शेयर 2,155 तक जा सकता है
इसी तरह HDFC बैंक का शेयर लंबे समय में 2,155 रुपए तक जा सकता है। इसमें मध्यम अवधि में 28% का रिटर्न मिल सकता है। अभी यह 1,529 रुपए पर कारोबार कर रहा है। अक्टूबर में यह 1,724 रुपए तक चला गया था। एक्सिस बैंक के शेयर में आज 3% से ज्यादा का उछाल है। यह अक्टूबर में 800 रुपए के पार था। अभी यह 682 रुपए पर है। इसका लक्ष्य 1,126 रुपए है। इसमें 39% का मुनाफा मिल सकता है।
कोटक बैंक में भी मिलेगा फायदा
कोटक महिंद्रा बैंक भी पसंदीदा लिस्ट में है। इसके शेयर में 14% का मुनाफा मिलने की उम्मीद है। आज यह शेयर भी 3% ऊपर है। यह लंबे समय में 2,590 रुपए तक जा सकता है। बैंकिंग सेक्टर में सबसे बुरा हाल IDBI बैंक का है। इसमें 14% का घाटा मिल सकता है। इसका लक्ष्य 40 रुपए है। अभी यह 46 रुपए पर है जबकि अक्टूबर में 65 रुपए पर था।
बंधन बैंक का शेयर 420 रुपए तक जा सकता है
बंधन बैंक भी लंबे समय में 14% का रिटर्न दे सकता है। यह 420 रुपए तक जा सकता है। जबकि सरकारी बैंकों में सबसे पसंदीदा बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा का शेयर है। यह शेयर मध्यम अवधि में 32% का मुनाफा दे सकता है। हालांकि लंबे समय में इसका लक्ष्य 175 रुपए है। इस समय यह 89 रुपए पर कारोबार कर रहा है। नवंबर में इसने 108 रुपए के लेवल को पार किया था।
SBI के शेयर में 27% का रिटर्न मिलेगा
देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के शेयर में मध्यम अवधि में 27% का रिटर्न मिलेगा। यह लंबे समय में 750 रुपए तक जा सकता है। जबकि यह अभी 476 रुपए पर है और 542 रुपए तक हाल में यह शेयर गया था। इंडियन ओवरसीज में सरकार हिस्सेदारी बेचना चाहती है। बावजूद इसके इसमें घाटे की आशंका जताई गई है। हालांकि पंजाब नेशनल बैंक के शेयर में 9% का मामूली फायदा मिल सकता है। यह शेयर 63 रुपए तक जा सकता है। अभी यह 38 रुपए पर कारोबार कर रहा है।
ICICI बैंक ने सितंबर तिमाही में अच्छा प्रदर्शन किया है। इसकी कुल शाखाएं 5,266 रहीं जो कि मार्च 2020 में 5,324 थीं। इसका ATM का नंबर हालांकि 15,688 से घटकर 14,136 रह गया है। बैंक का शेयर पिछले तीन सालों में 107% बढ़ा है। पिछले एक साल में 43% का मुनाफा इस स्टॉक ने दिया है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.