कच्चे तेल की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी और वैश्विक बाजारों में गिरावट के चलते घरेलू मार्केट में भारी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 470.40 अंकों की भारी गिरावट के साथ 48,564.27 पर बंद हुआ है। हालांकि कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने दिन के सबसे निचले स्तर 48,403.97 को भी छुआ।
गिरावट के बीच रिलायंस का शेयर टॉप गेनर
इंडेक्स में टॉप लूजर ONGC का शेयर रहा, जो अंत में 4.59% नीचे बंद हुआ। इसी तरह सन फार्मा और इंडसइंड बैंक के शेयरों में 3-3% से ज्यादा की गिरावट रही। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 2.37% ऊपर बंद हुआ। यह सेंसेक्स का टॉप गेनर स्टॉक रहा।
चौतरफा गिरावट के बीच 18 जनवरी को BSE पर 3,172 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। 2,089 शेयर गिरावट और 938 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए हैं। इसमें 330 शेयरों में लोअर सर्किट लगा। लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप भी घटकर 192.69 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
बाजार में गिरावट के बड़ी वजह
निफ्टी 14,300 के नीचे बंद
इसी तरह निफ्टी इंडेक्स भी 152.40 अंक नीचे 14,281.30 पर बंद हुआ है। टाटा मोटर्स का शेयर 6% नीचे बंद हुआ है। टाटा स्टील का शेयर 5.79% फिसलकर बंद हुआ। इसके अलावा हिंडाल्को, ONGC और JSW स्टील के शेयरों में भी 4-4% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, UPL के शेयर में 6.21% की बढ़त रही। दिग्गज रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1.82% ऊपर बंद हुआ है।
NSE पर सेक्टोरल गिरावट
निवेशकों ने मेटल, फाइनेंशियल और ऑटो सेक्टर के शेयर बेचे। इसीलिए निफ्टी मेटल इंडेक्स 4.08% नीचे बंद हुआ है। इसी तरह निफ्टी बैंक इंडेक्स 1.35%, ऑटो 2.13%, फार्मा 2.77%, मीडिया 2.25%, रियल्टी 2.02% और PSU बैंक इंडेक्स 2.44% नीचे बंद हुआ है।
15 जनवरी को सेंसेक्स 549 अंकों की गिरावट के साथ 49,034.67 पर और निफ्टी 161.90 अंक नीचे 14,433.70 पर बंद हुआ था।
कच्चे तेल की कीमत में रिकॉर्ड बढ़त जारी
इंटरनेशनल ऑयल मार्केट में रिकॉर्ड तेजी जारी है। 2021 के पहले दो हफ्ते में ही यह 10 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं। मार्केट एक्सपर्ट मान रहे हैं कि ब्रेंट क्रूड 70 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकता है। यह अभी 56 डॉलर प्रति बैरल पर बिक रहा है।
इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉर्पोरेशन (IRFC) का IPO पहले दिन 65% भरा
आज से 2021 के IPO सीजन की शुरुआत हो गई है। इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉर्पोरेशन (IRFC) का IPO पहले दिन 65% भरा। 4,633 करोड़ रुपए के लिए लॉन्च IPO इस साल का पहला IPO है। 20 जनवरी को बंद होगा। इसका प्राइस बैंड 25- 26 रुपए तय किया गया है।
एक्सचेंज डेटा के मुताबिक 124.75 करोड़ शेयरों की तुलना में 80.89 करोड़ शेयरों पर बिड मिली। रिटेल हिस्सा पहले दिन 1.25 गुना भर गया है। कर्मचारियों के लिए रिजर्व हिस्सा 13.52 गुना भरा और नॉन- इंस्टिच्युशनल इन्वेस्टर्स (NII) के लिए रिजर्व हिस्सा 9.18% भरा है। जबकि क्वालिफाइड इंस्टिच्युशनल इन्वेस्टर्स (QII) का हिस्सा 0.01% भरा है।
वैश्विक बाजारों में दबाव
अमेरिका में नए राहत पैकेज का असर दुनियाभर के बाजारों पर दर्ज की जा रही है। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई इंडेक्स 0.92% नीचे और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 2.33% नीचे बंद हुए। हालांकि, चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.01% और हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 0.79% की बढ़त के साथ बंद हुए। इससे पहले यूरोपियन और अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.