बजट में सरकार ने हर वर्ग को राहत देने की कोशिश की है। सीनियर सिटीजन्स सेविंग्स स्कीम में अधिकतम निवेश की सीमा को बढ़ाकर 30 लाख रुपए किया गया है तो वहीं महिलाओं के लिए ‘महिला सम्मान स्कीम’ शुरू करने की घोषणा की है। इसके अलावा बिना पैन के PF निकालने पर अब कम टैक्स देना होगा। हम आपको बजट में हुए बदलावों और नई योजनाओं के बारे में बता रहे हैं।
बिना पैन के PF निकालने पर अब कम टैक्स
प्रोविडेंट फंड (PF) से निकासी को लेकर टैक्स के नियम में बदलाव किया है। अब PAN लिंक्ड नहीं होने पर निकासी के दौरान 30% की जगह 20% TDS लगेगा। यह नियम 1 अप्रैल 2023 से लागू होगा। बदले नियम का फायदा उन PF होल्डर्स को होगा, जिनका पैन अभी तक अपडेटेड नहीं है।
KYC प्रोसेस होगी आसान
वित्तीय बाजार जानकार सुचेता दलाल कहती हैं कि बजट में KYC प्रोसेस को आसान बनाने का लक्ष्य रखा है। आने वाले दिनों में सरकार KYC की प्रक्रिया आसान बनाएगी। रिस्क के आधार पर KYC प्रोसेस होगी।
बजट में वित्तमंत्री ने कहा कि सरकार बैंकिंग कंपनीज एक्ट, RBI एक्ट, IFSC एक्ट में बदलाव करेगी। KYC प्रोसेस को 'one size fits all' के अप्रोच के बजाय 'रिस्क के आधार' पर आसान किया जाएगा। फाइनेंशियल सेक्टर के नियामकों को इसके लिए प्रोत्साहित किया जाएगा कि वो डिजिटल इंडिया की जरूरतों को पूरा करने के लिए KYC प्रोसेस डेवलप करें।
सीनियर सिटीजन्स को जमा पर हर महीने 31 हजार तक की आय
सीनियर सिटीजन्स सेविंग्स स्कीम में अब अधिकतक 30 लाख रुपए निवेश कर सकेंगे। पहले इस स्कीम में अधिकतम 15 लाख रुपए ही निवेश कर सकते थे। इस स्कीम में सालाना 8% ब्याज दिया जा रहा है।
इसके अलावा सीनियर सिटीजन्स अब मंथली इनकम स्कीम में भी अधिकतक 9 लाख रुपए निवेश कर सकेंगे। पति/पत्नी भी इतनी राशि जमा कर सकते हैं और संयुक्त खाते में 15 लाख जमा कर सकते हैं। इस स्कीम में 7.1% सालाना ब्याज मिल रहा है।
ऐसे में सीनियर सिटीजन्स स्कीम में 30 लाख रुपए जमा करने पर हर महीने 20 हजार रुपए ब्याज मिलेगा और मंथली इनकम स्कीम में 18 लाख जमा करने पर हर माह 10,650 रु. मिलेंगे। यानी आप इन दोनों स्कीम्स में निवेश करते हैं तो आप हर महीने 30,650 की कमाई कर सकते हैं।
महिला सम्मान स्कीम में 2 लाख रु. तक के निवेश में 7.5% का ब्याज
बजट में 7.5% ब्याज दर के साथ ‘महिला सम्मान सेविंग सर्टीफिकेट’ लॉन्च की गई है। महिलाएं 2 सालों के लिए अधिकतम 2 लाख रुपए जमा कर सकेंगी। अभी देश में 78% कामकाजी महिलाएं भी गोल्डन रूल ऑफ सेविंग यानी 20% बचत भी नहीं करती हैं। 2 लाख रुपए की स्कीम से दो साल में 30 हजार रुपए का फायदा होगा।
फिजिकल गोल्ड को ई-गोल्ड में बदलने पर टैक्स नहीं
फिजिकल गोल्ड को ई-गोल्ड या ई-गोल्ड को फिजिकल गोल्ड में बदलने को ट्रांसफर नहीं मानेंगे। कैपिटल गेन्स टैक्स नहीं लगेगा। अब तक गोल्ड खरीदी के 3 साल बाद बेचने पर 20% टैक्स व लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स पर 4% सेस लगता था। सोने और इमिटेशन ज्वेलरी पर सीमा शुल्क 20% से बढ़कर 25%, चांदी पर 7.5% से 15% हुआ। ड्यूटी बढ़ते ही भारतीय बाजार में दाम बढ़े।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.