फार्मा कंपनी ग्लेंड फार्मा के IPO की शेयर बाजार में आज शानदार लिस्टिंग हुई। शुक्रवार को IPO इश्यू प्राइस से 14% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ है। आईपीओ के लिए इश्यू प्राइस 1500 रुपए था, जो 210 रुपए बढ़त के साथ 1710 रुपए पर NSE पर लिस्ट हुआ है। वहीं, BSE में 13.40% प्रीमियम पर 1701 रुपए पर लिस्ट हुआ है। फार्मा सेक्टर में ग्लैंड फार्मा अबतक किसी भी फार्मा कंपनी द्वारा लाया गया सबसे बड़ा IPO है। इस आईपीओ का साइज 6500 करोड़ रुपए था।
शेयर में शानदार तेजी
लिस्टिंग के बाद शेयर में शानदार बढ़त देखने को मिल रहा है। सुबह 10.19 बजे BSE में कंपनी का शेयर 20% ऊपर 1831.40 पर पहुंच गया। हालांकि, एक समय शेयर ने 1850 के स्तर को भी टच किया।
फार्मा सेक्टर पर फोकस
शुक्रवार को ग्लैंड फार्मा का IPO 14% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ है। कंपनी का ट्रैक रिकॉर्ड शानदार रहा है। क्योंकि कंपनी को USFDA से कभी भी निगेटिव रिपोर्ट नहीं मिली है। इसके अलावा कंपनी के 267 ANDA फाइलिंग में 215 को अनुमति मिल गई है। बाजार के जानकारों मानते हैं कि आने वाले दिनों में फार्मा सेक्टर को फोकस में रहने वाला है। क्योंकि सेक्टर का फंडामेंटल मजबूत है। इसमें भारी निवेश की संभावना है।
2 नवंबर को 150 रुपए का प्रीमियम
2 नवंबर को इसका प्रीमियम 150 रुपए प्रति शेयर था। 4 नवंबर को यह 170 रुपए पर पहुंच गया था। पर उसके बाद से इसमें गिरावट दिखने लगी थी। 11 नवंबर को यह 25 रुपए पर पहुंच गया था। बता दें कि पिछले 3 सालों में यह पहली फार्मा कंपनी है जिसने IPO लाया है। यह अब तक का सबसे बड़ा फार्मा IPO है। इसके जरिए कंपनी ने 6,480 करोड़ रुपए की रकम जुटाई थी।
ग्लैंड फार्मा ने 70 एंकर निवेशकों से 1,944 करोड़ रुपए जुटाए थे। एंकर निवेशकों के लिए 1.29 करोड़ शेयर जारी किए गए थे। कंपनी ने IPO के लिए 1,490 से 1,500 रुपए का भाव तय किया था।
9-11 नवंबर के बीच आया था IPO
कंपनी ने अपना IPO 9 से 11 नवंबर के बीच लाया था। यह 2.6 गुना भरा था। ग्लैंड फार्मा में 1,250 करोड़ रुपए ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए जुटाए गए थे। कंपनी ने 3.48 करोड़ शेयरों को जारी किया था। ग्लैंड फार्मा की प्रमोटर चीन की फोसन कंपनी है। यह इस साल का दूसरा सबसे बड़ा IPO है। इससे पहले SBI कार्ड एवं पेमेंट ने 10,355 करोड़ रुपए का IPO लाया था। पिछले कुछ समय से फार्मा सेक्टर बेहतर रिटर्न दे रहा है। कोविड की वजह से फार्मा सेक्टर स्टॉक अच्छे चल रहे हैं। निफ्टी फार्मा ने अब तक मार्च से 83% का रिटर्न दिया है।
फार्मा सेक्टर का सबसे बड़ा IPO
दरअसल देश में अब तक फार्मा सेक्टर का सबसे बड़ा IPO एरिस लाइफ साइंसेस लाई थी। इसने 2017 में 1,741 करोड़ रुपए IPO के जरिए जुटाए थे। इसके बाद 2015 में अल्केम लैब ने 1,350 करोड़ और 2016 में लौरस लैब ने 1,350 करोड़ रुपए जुटाए थे। 2017 के बाद यह पहली फार्मा कंपनी है जो शेयर बाजार में लिस्ट होने जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.