आज, यानी मंगलवार को सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में शानदार तेजी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, 15 नवंबर को सर्राफा बाजार में सोना 447 रुपए महंगा होकर 52,877 रुपए पर पहुंच गया है।
कैरेट के हिसाब से सोने की कीमत
कैरेट | भाव (रुपए/10 ग्राम) |
24 | 52,877 |
23 | 52,665 |
22 | 48,435 |
18 | 39,658 |
चांदी में 62 हजार के पार हुई चांदी
अगर चांदी की बात करें तो इसमें आज इसकी कीमत में 884 रुपए से ज्यादा की तेजी देखने को मिली है। सर्राफा बाजार में ये 1,264 रुपए महंगी होकर 62,467 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।
इस महीने अब तक सोने में 2 हजार रुपए से ज्यादा की तेजी
इस महीने की शुरुआत, यानी 1 नवंबर को सोना 50,462 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था जो अब 52,877 रुपए पर पहुंच गया है। इस तरह इस दौरान इसकी कीमत में 2,415 रुपए की तेजी आई है। वहीं अगर चांदी की बात करें तो ये 58,200 प्रति किलोग्राम से बढ़कर 62,467 पर पहुंच गई है। यानी ये 4,267 रुपए महंगी हो गई है।
साल के आखिर तक 54 हजार तक जा सकता है गोल्ड
IIFL सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी एंड करेंसी) अनुज गुप्ता ने कहा कि सोने-चांदी के भाव में ये तेजी का मुख्य कारण डॉलर इंडेक्स में गिरावट है। अमेरिकी डॉलर इंडेक्स 12 हफ्ते के निचले स्तर 106.41 पर लुढ़क गया है। इसके अलावा दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों ने सोने का भंडार बढ़ाया है। इससे सोने की डिमांड बड़ी है और इसकी कीमतों को सपोर्ट मिलेगा। इसके चलते आने वाले दिनों में सोना 54 हजार तक जा सकता है।
मिस्ड कॉल देकर पता लगाएं सोने का रेट
आप सोना और चांदी का भाव आसानी से घर बैठे पता लगा सकते हैं। इसके लिए आपको सिर्फ 8955664433 नंबर पर मिस्ड कॉल देना है और आपके फोन पर मैसेज आ जाएगा। इसमें आप लेटेस्ट रेट्स चेक कर सकते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.