पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Business
  • Petrol Price Today | Delhi Jaipur Mumbai Petrol Price Rate Today News Update; Government Hike Excise Duty On Petrol Diesel By Rs 3 Per Litre

केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 3-3 रुपए बढ़ाई, कमजोर अर्थव्यवस्था के लिए धन जुटाने में मदद मिलने का तर्क

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले सप्ताह से कच्चा तेल सस्ता हुआ है, ऐसे में सरकार इस पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर धन जुटाना चाहती है
  • सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर 2 रुपए प्रति लीटर की स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी लगाई जबकि 1 रुपए प्रति लीटर का रोड, इंफ्रा सेस लगाया

नई दिल्ली. कच्चे तेल की कीमतों में कटौती के बाद सस्ते पेट्रोल-डीजल की आस लगाए देशवासियों को केंद्र सरकार ने बड़ा झटका दिया है। सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर 3 रुपए प्रति लीटर की दर से एक्साइज ड्यूटी बढ़ा दी है। यह बढ़ोतरी 14 मार्च से लागू हो गई है। हालांकि, इंडस्ट्री से जुड़े एक अधिकारी का कहना है कि इस अतिरिक्त बढ़ोतरी का बोझ आम आदमी पर नहीं पड़ेगा। अधिकारी का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट के कारण तेल विपणन कंपनियां इस अतिरिक्त बढ़ोतरी का स्वयं वहन करेंगी। फिलहाल राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 69.87 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 62.89 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है।

फंड जुटाने के लिए बढ़ाई एक्साइज ड्यूटी
सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार ने मौजूदा वित्तीय हालातों में इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य विकास कार्यों के लिए जरुरी फंड जुटाने के उद्देश्य से पेट्रोल-डीजल पर यह अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी लगाई है। सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर 2 रुपए प्रति लीटर की स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी लगाई है जबकि 1 रुपए प्रति लीटर का रोड, इंफ्रा सेस लगाया है।

अब पेट्रोल पर होगी 22.98 रुपए प्रति लीटर की एक्साइज ड्यूटी
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार राजधानी दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल पर 19.98 रुपए की एक्साइज ड्यूटी लग रही है। अब तीन रुपए की बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी की दर 22.98 रुपए प्रति लीटर हो जाएगी। इसी प्रकार से दिल्ली में डीजल पर एक्साइज 15.83 रुपए प्रति लीटर की दर से वसूली जा रही है जो अब बढ़कर 18.83 रुपए प्रति लीटर हो जाएगी।

सरकार को होगी 39 हजार करोड़ रुपए की कमाई
सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेज एंड कंस्टम्स की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि पेट्रोल पर स्पेशल एक्साइज ड्यूटी को 2 रुपए से बढ़ाकर 8 रुपए प्रति लीटर किया गया है। वहीं डीजल पर इसकी दर को 2 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 4 रुपए कर दिया गया है। पेट्रोल-डीजल पर रोड सेस 1 रुपए प्रति लीटर बढ़ाकर 10 रुपए कर दिया गया है। एक्साइज ड्यूटी में इस बढ़ोतरी से सरकार को करीब 39 हजार करोड़ रुपए की अतिरिक्त कमाई होगी।

64 दिनों में 6.14 रुपए प्रति लीटर सस्ता हुआ पेट्रोल
कोरोना वायरस के सामने आने के बाद से अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड पर लगातार दबाव बना हुआ है और इसकी कीमतों में कटौती दर्ज की जा रही है। इसका फायदा घरेलू स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भी दिख रहा है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बीते 64 दिनों में राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमतों में 6.14 रुपए और डीजल की कीमतों में 6.59 रुपए प्रति लीटर की कमी दर्ज की गई है। 11 जनवरी को पेट्रोल की कीमत 76.01 रुपए प्रति लीटर के साथ इस साल के उच्चतम स्तर पर थी जो 14 मार्च को गिरकर 69.87 रुपए प्रति लीटर पर आ गई है। इसी प्रकार डीजल 11 जनवरी 2020 के अपने अपने उच्चतम स्तर 69.17 रुपए प्रति लीटर से लुढ़ककर 14 मार्च को अपने निम्नतम स्तर 62.58 रुपए प्रति लीटर पर आ गया है।

सरकार को धन जुटाने में मदद मिलेगी
अभी अर्थव्यवस्था में कमजोरी है। ऐसे में एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने से सरकार को अतिरिक्त धन जुटाने और कोरोनावायरस के प्रकोप से बचाव के उपाय करने में मदद मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में आई गिरावट की वजह से सरकार के लिए यह फैसला करना संभव हुआ है। 

खबरें और भी हैं...