देश के फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व में फिर गिरावट आई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के मुताबिक, 9 सितंबर को समाप्त सप्ताह के लिए भारत का फॉरेन एक्सचेंज (forex) रिजर्व 17.79 हजार करोड़ (2.234 अरब डॉलर) घटकर 43.87 लाख करोड़ रुपए (550.87 अरब डॉलर) हो गया है। यह 2 साल में सबसे निचला स्तर है। देश के फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व में यह लगातार छठी साप्ताहिक गिरावट है।
2 सितंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व में 7.941 अरब डॉलर (63.25 हजार करोड़ रुपए) की गिरावट आई थी। इस साल की शुरुआत में रूस-यूक्रेन तनाव के युद्ध में बदल जाने के बाद से भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगभग 80 अरब डॉलर (6.37 लाख करोड़ रुपए) की गिरावट आई है।
फॉरेन करेंसी एसेट्स में 2.51 अरब डॉलर की गिरावट
भारतीय रिजर्व बैंक के वीकली स्टेटिस्टिकल्स सप्लीमेंट के अनुसार, फॉरेन करेंसी एसेट्स, जो फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का सबसे बड़ा कंपोनेंट है। यह 9 सितंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 2.51 अरब डॉलर (19.99 हजार करोड़) गिरकर 489.59 अरब डॉलर (38.99 लाख करोड़ रुपए) रह गया है। वहीं पिछले सप्ताह फॉरेन करेंसी एसेट्स में 6.52 अरब डॉलर (51.98 हजार करोड़ रुपए) की गिरावट आई थी।
किसी भी देश के पास मौजूद विदेशी मुद्रा की कीमत अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कम या ज्यादा होती रहती है। इसी के मुताबिक किसी देश के विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी या कमी आंकी जाती है। उदाहरण के तौर पर अगर किसी देश के पास यूरो, पाउंड या येन करंसी मौजूद है, तो डॉलर के मुकाबले इनकी कीमत बढ़ने पर विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ जाएगा। इसी तरह डॉलर के मुकाबले इन मुद्राओं के कमजोर होने पर विदेशी मुद्रा भंडार भी घट जाएगा।
गोल्ड रिजर्व की वैल्यू 340 मिलियन डॉलर बढ़ी
9 सितंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान गोल्ड रिजर्व की वैल्यू 340 मिलियन डॉलर (2.70 हजार करोड़ रुपए) बढ़कर 38.64 अरब डॉलर (3.07 लाख करोड़ रुपए) हो गई है। वहीं पिछले सप्ताह गोल्ड रिजर्व में 1.339 अरब डॉलर (10.66 हजार करोड़ रुपए) की गिरावट आई थी।
भारत के SDRs की वैल्यू 63 मिलियन डॉलर घटी
RBI के आंकड़ों के मुताबिक, समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान इंटरनेशनल मोनेटरी फंड के साथ भारत के स्पेशल ड्राइंग राइट्स (SDRs) की वैल्यू 63 मिलियन डॉलर (501 करोड़ रुपए) घटकर 17.719 अरब डॉलर (1.41 लाख करोड़ रुपए) रह गई है।
IMF में भारत की रिजर्व पोजिशन 4.91 अरब डॉलर हुई
RBI की वीकली स्टेटिस्टिकल्स सप्लीमेंट के अनुसार, 9 सितंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान इंटरनेशनल मोनेटरी फंड (IMF) में भारत की रिजर्व पोजिशन 8 मिलियन डॉलर (63 करोड़ रुपए) बढ़कर 4.91 अरब डॉलर (39.10 हजार करोड़ रुपए) हो गई है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.