लॉकडाउन और कोरोना की वापसी के चलते जेएसडब्ल्यू सीमेंट ने IPO की योजना टाल दी है। कंपनी IPO लाने की योजना को दो साल आगे बढ़ा दिया है। जेएसडब्ल्यू सीमेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर पार्थ जिंदल ने कहा कि आईपीओ दिसंबर 2022 के आसपास आ सकता है।
पार्थ के मुताबिक कंपनी 2023 तक अपनी कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता को बढ़ाएगी। कंपनी ने अब उत्पादन क्षमता को 2.5 करोड़ टन करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए 3.62 हजार करोड़ रुपए निवेश किया जाएगा।
2022 में आएगा कंपनी का IPO
पार्थ जिंदल ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए ओडिशा में शिव सीमेंट के विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि 2019 में सीमेंट सेक्टर में गिरावट आई थी। अब 2020 में कोविड महामारी की मार पड़ी है। ऐसे में फिलहाल IPOको हम दिसंबर 2022 लाएंगे, जो लॉजिकल समय सीमा है। ग्रुप ने इससे पहले दिसंबर 2020 में IPO लाने की योजना बनाई थी।
कंपनी पर है 2.80 हजार करोड़ रुपए का कर्ज
कंपनी 14 अरब डॉलर के जेएसडब्ल्यू स्टील ग्रुप का हिस्सा है। सीमेंट कंपनी पर इस समय 2.80 हजार करोड़ रुपए का कर्ज है। ऐसे में कंपनी फंड जुटाने के लिए प्राइवेट इक्विटी (PE) के जरिए चालू वित्त वर्ष (2020-21) में 1,000-1,500 करोड़ रुपए जुटाने की प्रक्रिया में है।
इस साल अब तक 12 कंपनियों ने आईपीओ के जरिए कुल 24.69 हजार करोड़ रुपए जुटाए हैं। इससे पहले 2019 में 16 कंपनियों ने आईपीओ से 12.36 हजार करोड़ रुपये जुटाए थे। अनुमान के मुताबिक करीब आधा दर्जन कंपनियां अगले महीने IPO ला सकती हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.