अगर आप सोचते हैं कि लगातार घाटा देने वाली कंपनी पेटीएम के IPO में आपको सस्ता शेयर मिल सकता है तो ऐसा नहीं है। फिलहाल के वैल्यूएशन पर इस शेयर का भाव 3200 से 3800 रुपए हो सकता है। ऐसे में जिन निवेशकों ने पहले इसमें निवेश किया है, उनको 242 गुना तक फायदा मिलेगा।
पहले ही निवेश करते हैं संस्थागत निवेशक
दरअसल संस्थागत निवेशक कंपनियों में पहले ही निवेश कर देते हैं। फिर वे IPO के समय शेयर बेचकर निकल जाते हैं। इसका उन्हें बहुत ज्यादा फायदा मिलता है। पेटीएम ने सेबी के पास जो मसौदा जमा कराया है उसमें इन निवेशकों की जानकारी दी गई है। इसके मुताबिक सैफ मारीशस ने 15 रुपए के भाव पर 9.41 करोड़ शेयर खरीदा था। अब 3200 से 3800 के भाव पर इसे 246 गुना का फायदा होगा।
78 रुपए के भाव पर खरीदा गया शेयर
इसी तरह एलेवेशन कैपिटल ने 78 रुपए के भाव पर 42 लाख शेयर लिया है। इसे 49 गुना का फायदा मिल सकता है। सैफ पार्टनर्स इंडिया ने 306 रुपए पर 3.96 करोड़ शेयर खरीदा है। यानी इसे 12.40 गुना का फायदा मिलेगा। चीन के अलीबाबा ग्रुप ने 583 रुपए के भाव पर 4.42 करोड़ शेयर खरीदा है। इसे 6 गुना से ज्यादा का फायदा IPO में मिलेगा।
माउंटेन कैपिटल ने 60 लाख शेयर खरीदे
इसी तरह अन्य निवेशकों में माउंटेन कैपिटल फंड ने 60.66 लाख शेयर खरीदा है। इसका भाव 547 रुपए है। इसे 6.5 गुना के करीब फायदा मिलेगा। बीएच इंटरनेशनल ने 1.7 करोड़ शेयर 1,279 रुपए के भाव पर खरीदा है। यानी इसे भी 3 गुना के करीब फायदा मिल सकता है। डीजी पीटीएम ने 1,708 रुपए के भाव पर 47.62 लाख शेयरों को खरीदा है। इसे 2 गुना से ज्यादा फायदा मिलेगा।
सबसे महंगा शेयर एंटफिन ने खरीदा
सबसे महंगा शेयर एंटफिन ने खरीदा है। इसने 1,833 रुपए के भाव पर 18.33 करोड़ शेयर खरीदा है। इसे दोगुना का फायदा मिलने की संभावना है। एसवीएफ ने भी 1,820 रुपए के भाव पर 78.55 लाख शेयर खरीदा है। यह भी दोगुना फायदा पा सकता है।
सेबी के पास जमा मसौदे में दी गई जानकारी
सेबी के पास जमा मसौदे में जानकारी दी गई है कि वारेन बफेट से लेकर सैफ, एसवीएफ पार्टनर तक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। इसमें कंपनी के फाउंडर विजय शेखर शर्मा भी शेयर बेचेंगे। यानी इन निवेशकों को अच्छी कमाई होनी है। अनऑफिशियल बाजार यानी ग्रे मार्केट की बात करें तो पेटीएम शेयर का भाव 2,400 रुपए पर कारोबार कर रहा है। हालांकि यह अभी भी इसके IPO के भाव से काफी नीचे है।
1.45 लाख करोड़ रुपए है वैल्यूएशन
पेटीएम का अभी का वैल्यूएशन 1.45 लाख करोड़ रुपए आंका जा रहा है। पर आगे चलकर यह वैल्यूएशन 1.80 लाख करोड़ रुपए तक हो सकता है। यानी इस नए वैल्यूएशन पर इसके शेयरों का भाव 3200 से 3800 रुपए के बीच होगा। यही कारण है कि जिन निवेशकों ने पहले निवेश किया है, उन्हें IPO में फायदा मिलेगा। क्योंकि IPO इसी भाव के करीब आएगा।
ग्रे मार्केट में बढ़ रहा है भाव
जहां तक बात ग्रे मार्केट की है तो वहां का भाव धीरे-धीरे बढ़ रहा है। IPO के आने के पहले यह भाव ग्रे मार्केट में 4000 रुपए के ऊपर जा सकता है। मई में ग्रे मार्केट में इसका भाव 950 से 1 हजार रुपए के बीच कारोबार कर रहा था। यानी किसी रिटेल निवेशकों ने ग्रे मार्केट में मई में शेयर खरीदा होगा तो भी उन्हें चार गुना का रिटर्न मिलने की संभावना है। हालांकि IPO से पहले जो शेयर खरीदे जाते हैं वे 1 साल के लिए लॉक इन रहते हैं।
जैक मा को 7 गुना होगा फायदा
चीन के जैक मा की अलीबाबा कंपनी को इस IPO में 7 गुना का फायदा होगा। वारेन बफेट की बीएच इंटरनेशनल को 3 गुना फायदा होगा। पेटीएम ने 1-10 के अनुपात में जून में शेयरों को बांटा था। इसी वजह से इसके शेयरों का फेस वैल्यू 1 रुपए प्रति शेयर आया है। ऐसी चर्चा है कि कंपनी बोनस शेयर जारी कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो इसके IPO की कीमत और कम हो सकती है। कंपनी IPO के जरिए 16,600 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। यह देश का अब तक का सबसे बड़ा IPO होगा।
रिटेल के लिए केवल 10% हिस्सा
IPO में रिटेल निवेशकों के लिए केवल 10% हिस्सा है। QIB को 75% जबकि एचएनआई को 15% हिस्सा मिलेगा। पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशन स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होगी। पेटीएम कंपनी का ब्रांड है। कंपनी 8,300 करोड़ रुपए के फ्रेश शेयर जारी करेगी जबकि 8,300 करोड़ रुपए के शेयर वर्तमान शेयर धारक बेचेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.